राज्य
16-Feb-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 जनवरी से शुरू होने जा रहा है। राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी 24 जनवरी को सदन में अपनी सरकार का तीसरा बजट पेश करेंगे। वित्त मंत्री ने बताया कि यह बजट नई थीम और नए विजन के साथ तैयार किया गया है। बजट रणनीति 2047 तक “विकसित भारत” के लक्ष्य के अनुरूप बनाई गई है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के विकसित भारत संकल्प और राज्य स्तर पर विकसित छत्तीसगढ़ विजन डॉक्यूमेंट को ध्यान में रखते हुए बजट में दीर्घकालिक (Long Term) और अल्पकालिक (Short Term) योजनाओं का स्पष्ट रोडमैप दिखेगा। बजट को लेकर विपक्ष की ओर से उठ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए वित्त मंत्री ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के समय राजीव गांधी योजना के तहत चार किस्तों में राशि दी जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार हर साल उससे अधिक राशि दे रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अपने पांच साल के कार्यकाल में जितनी राशि नहीं दे सकी, उससे ज्यादा राशि वर्तमान सरकार दे रही है और हर वर्ष करीब 8000 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए जा रहे हैं। वित्त मंत्री का कहना है कि सरकार विकास कार्यों पर केंद्रित है, जबकि विपक्ष आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है। आने वाले बजट में राज्य के विकास को गति देने वाले कई अहम प्रावधान शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।