पल्लेकेले (ईएमएस)। जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच बारिश के कारण मुकाबला रद्द होने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम टी20 विश्वकप क्रिकेट से बाहर हो गयी है। ये इस विश्वकप का अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर है। ऑस्ट्रेलिया के बाहर होने के साथ ही ग्रुप बी से श्रीलंका के बाद जिम्बाब्वे सुपर-8 में पहुंच गयी है। जिम्बाब्वे-आयरलैंड के बीच मैच नहीं हेने से एक-एक अंक बंट गया जिसके कारण ऑस्ट्रेलिया जहां बाहर हो गयी। वहीं जिम्बाब्वे इस ग्रप बी से क्वालीफाई करने वालद दूसरी टीम बनी। श्रीलंका के खिलाफ हार के बाद से ही ऑस्ट्रेलिया पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था। वहीं जिम्बाब्वे को सुपर-8 राउंड में पहुंचने के लिए सिर्फ एक अंक की जरूरत थी और कैंडी में वह उसे मिल गया। आज यहां सुबह से मौसम खराब था। जिससे ऑस्ट्रेलिया की सभी उम्मीदें टूट गयीं। साल 2021 में विजेता रही ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम पिछले तीन टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाई है। वहीं साल 2009 के बाद से ये ऑस्ट्रेलिया का सबसे खराब प्रदर्शन भी है। इस बार ऑस्ट्रेलिया को वेस्टइंडीज से भी हार का सामना करना पड़ा था। जिम्बाब्वे से अपना पहला ही मैच हारने के बाद, श्रीलंका से हारना ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बड़ा झटका रहा। जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच बारिश के कारण मैच शुरु ही नहीं हो पाया। ऐसे में शाम 5:30 बजे बिना एक भी गेंद फेंके मैच रद्द कर दिया गया। वहीं ये पहला अवसर है जब जिम्बाब्वे टी-20 विश्व कप इतिहास में दूसरे दौर तक पहुंची है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया में हुए 2022 टी-20 विश्व कप में जिम्बाब्वे सुपर-12 ग्रुप में सबसे अंत में रही थी।जिम्बाब्वे अब क्रिकेट विश्व कप के किसी भी प्रारुप में सबसे आगे पहुंच गयी है, इससे पहले 1999 के एकदिवसीय विश्व कप में वह पांचवें स्थान पर थी और नेट रन-रेट के आधार पर सेमीफाइनल में पहुंचने से रह गई थी। जिम्बाब्वे अब सुपर-8 राउंड के ग्रुप 1 में ऑस्ट्रेलिया की जगह उतरेगी। यहां उसका सामना भारत, वेस्टइंडीज या 2024 के फाइनलिस्ट दक्षिण अफ्रीका से होगा। पिछले टी-20 विश्व कप में जिम्बाब्वे क्वालीफाई तक नहीं कर पाई थी।