पीएम विश्वकर्मा योजनांतर्गत संचालित व्यवसायों से सम्पर्क करने व वर्कशॉप आयोजित करने के निर्देश कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्किल कमेटी की बैठक हुई सम्पन्न नरसिंहपुर, (ईएमएस)। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टर चैम्बर में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय स्किल कमेटी की बैठक में कौशल उन्नयन, जिले की शासकीय आईटीआई में संचालित व्यवसायों एवं पीएम विश्वकर्मा योजना व मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना से संबंधित आदि विषयों पर चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर ने शासकीय आईटीआई बाबई चीचली आरएसी, सोलर टेक्नीशियन, पीतल इंडस्ट्रीज से संबंधित फाउंड्रीमैन, शीटमेटल एवं एनटीपीसी की मांग के अनुसार नये व्यवसाय प्रारंभ करने के निर्देश दिये। जिले की समस्त शासकीय आईटीआई के प्राचार्यों, नगरपालिका सीएमओ एवं जनपद सीईओ को निर्देशित किया कि पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न व्यवसायों जैसे कुम्हार, बढ़ाई, मोची, वास्केट मेकर के सामाजिक प्रतिनिधियों से संपर्क करने एवं वर्कशॉप आयोजित किये जायें। कलेक्टर/सीईओ जिला पंचायत की अध्यक्षता में पीतल निर्माण से संबंधित कारीगरों के कौशल प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता के लिए एक समिति गठित की जाए, जिसमें जीएम डीआईसी, प्राचार्य शासकीय आईटीआई नरसिंहपुर/ बाबई चीचली व एलडीएम सदस्य के रुप में रखे जायें। उक्त समिति की नियमित बैठक आयोजित की जाये। कलेक्टर ने जिले में संचालित योजनाओं से संबंधित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण करने एवं रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश एनएसडीसी को दिये। उन्होंने समस्त शासकीय आईटीआई को प्रत्येक संस्था से कम से कम तीन व्यवसायों का चयन कर प्रशिक्षण प्रारंभ करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजनांतर्गत जीएम एनटीपीसी एवं सुगर मिल संचालकों से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक प्रशिक्षणार्थियों को संलग्न कराने के निर्देश दिये। उन्होंने एनटीपीसी गाडरवारा को योजनाओं के संबंध में प्राचार्य शासकीय आईटीआई नरसिंहपुर को पत्र जारी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने शासकीय आईटीआई बाबई चीचली को फर्नीचर की मांग के संबंध में संचालक कौशल विकास संचालनालय को मांग पत्र लिखने के निर्देश दिये। बैठक में प्राचार्य आईटीआई श्री एसआर पाराशर, उप संचालक सामाजिक न्याय श्रीमती अंजना त्रिपाठी, लीड बैंक अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 17 फरवरी 2026