कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केन्द्र सहित ली जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा बैठक छिंदवाड़ा (ईएमएस)। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर हरेंद्र नारायन द्वारा शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केंद्र एवं जनजातीय कार्य विभाग की संयुक्त समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में विद्यालयों की शैक्षणिक स्थिति, गत वर्ष के परीक्षा परिणाम, छात्रावासों के संचालन तथा मॉनिटरिंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जनजातीय क्षेत्रों के विद्यालयों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने छात्रावासों के सुव्यवस्थित संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावास अधीक्षक सप्ताह में कम से कम दो बार छात्रावासों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। स्वच्छता, सुरक्षा, पोषण एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए तथा आश्रम शालाओं एवं छात्रावासों में अध्ययन के अनुकूल वातावरण निर्मित किया जाए। शैक्षणिक परिणामों में सुधार हेतु विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी जीएस.बघेल, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सतेन्द्र सिंह मरकाम, जिला परियोजना समन्वयक जेके.इड़पाचे, सहायक संचालक शिक्षा पी.एल.मेश्राम, बीआरसी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। परिणाम सुधारने के लिए करे विशेष प्रयास बैठक में कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने निर्देशित किया कि सभी विद्यालयों में नियमित शिक्षण-अधिगम गतिविधियाँ संचालित की जाएं तथा शिक्षकों की पूर्ण उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए तथा शैक्षणिक परिणामों में सुधार लाने के लिए सतत निगरानी रखी जाए। ईएमएस/ मोहने/ 17 फरवरी 2026