क्षेत्रीय
17-Feb-2026


जनसुनवाई में ९२ आवेदकों की कलेक्टर ने सुनाई समस्याएं छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कलेक्टर कार्यालय में आयोजित होने वाली जनसुनवाई में मंगलवार को कलेक्टर हरेन्द्र नारायण द्वारा 92 आवेदकों की समस्यायें सुनी गई। जनसुनवाई में मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन करने, संबल योजना का लाभ दिलाने, सड़क बनाने, अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, राजस्व अभिलेख में नाम दर्ज करने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान आवेदकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई थी। कलेक्टर हरेन्द्र नारायन ने विभिन्न आवेदनों में तत्काल प्रकरण नोट कराते हुए तत्परता के साथ निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कई प्रकरणों को समय सीमा की बैठक में समीक्षा के लिए भी चिन्हांकित किया। जनसुनवाई कार्यक्रम में आज ग्राम रिछेडा के आनंद सूर्यवंशी ने भूमि का सीमांकन कराने, ग्राम बाबई के मोहन साहू ने अपनी पैतृक भूमि पर अनावेदक द्वारा पट्टे के नाम पर किये गये कब्जे को हटाने, जुन्नारदेव की जयाभारती मर्सकोले को अनुकम्पा नियुक्ति दिये जाने उपरांत मासिक वेतन दिलाने, दमुआ नगर के वार्ड क्रमांक-17 के रफीक आलम ने मकान के सामने मेन रोड एवं उत्तर दिशा में मकान से लगा हुआ अतिक्रमण हटवाने, ग्राम छिन्दा के ग्रामीणों ने ग्राम में जलाशय निर्माण कार्य कराने, ग्राम चंदनगांव की भावना शिवारे ने पति की मृत्यु उपरांत अनुकम्पा नियुक्ति दिलाने, ग्राम झण्डा के संतलाल परतेती ने वृध्दावस्था पेंशन दिलाने, नगर के वार्ड नंबर-13 रामबाग के प्रतीक्ष मंगरे ने मकान के सामने सडक पर किये गये अतिक्रमण को हटाने आवेदन किया गया। ईएमएस/ मोहने/ 17 फरवरी 2026