पीड़ित किसान ने नगर निगम आयुक्त से की लिखित शिकायत छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिले में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। वार्ड क्रमांक 9, रानी लक्ष्मीबाई क्षेत्र निवासी किसान कुलदीप पटेल ने नगर निगम कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि शहर के अंजुमन लॉन द्वारा नगर निगम की सफाई शुल्क से बचने के लिए कचरा और प्लास्टिक डिस्पोजल सामग्री का अवैध रूप से निपटान किया जा रहा है। शिकायतकर्ता कुलदीप पटेल ने बताया है कि पिछले करीब 45 दिनों से अंजुमन लॉन का कचरा, डिस्पोजल सामग्री और अन्य अपशिष्ट पदार्थ रात लगभग 2 बजे के बाद चौपहिया वाहनों के जरिए शहर के बाहर खेतों एवं आसपास के क्षेत्रों में फेंका जा रहा है। बताया गया कि लॉन का 2 से 3 दिन का कचरा इक_ा कर सुनसान स्थानों पर डंप कर दिया जाता है। इस मामले में पहले भी स्थानीय निवासी धर्मेंद्र इवनाती द्वारा सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई गई थी, बावजूद इसके नगर निगम द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अब भी लॉन संचालक द्वारा हमारे खेतों पर लॅान का कचरा फेका जा रहा है। शिकायतकर्ता ने नगर निगम से मांग की है कि अंजुमन लॉन की जांच कर अवैध डंपिंग करने वाले पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि पर्यावरण को हो रहे नुकसान और शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर पड़ रहे असर को रोका जा सके। ईएमएस/ मोहने/ 17 फरवरी 2026