नरसिंहपुर, (ईएमएस)। . कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने लंबित प्रकरण, सुशासन, भूमि आबंटन प्रकरण, धारणाधिकार से संबंधित प्रकरण सीएम हेल्पलाइन आदि से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में डिप्टी कलेक्टर श्रीमती देवंती परते, एसडीएम, तहसीलदार और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे। बैठक में कलेक्टर ने धारा 11 के तहत लंबित प्रकरणों का अतिशीघ्र निराकरण कर प्रकाशन कराने के निर्देश दिये। धारा 11 की कार्यवाही पूर्ण होने के बाद धारा 15 की कार्यवाही पूर्ण होना सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कार्यालय में दर्ज भू प्रकरणों के रिकार्ड अद्यतन के कार्य की समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देश दिये कि रिकार्ड अद्यतन के लिए मानक चेक लिस्ट का पालन किया जाये। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने न्यायालय में पदस्थ रीडर से प्रत्येक सप्ताह लंबित प्रकरणों की प्रगति की रिपोर्ट लेना सुनिश्चित करें। पीठासीन अधिकारियों के पास लंबित प्रकरणों को वर्षवार एवं प्राथमिकता के आधार पर वर्गीकृत किया जाये। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सुशासन व्यवस्था को प्रभावी पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के लिए साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश दिये। लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकृत किया जाये। पोर्टल पर प्रविष्टियां समय पर अपडेट की जाये। जिले में लंबित भूमि आवंटन के प्रकरणों की समीक्षा कर पात्र हितग्राहियों के प्रकरणों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। साथ ही जिन प्रकरणों में दस्तावेज अपूर्ण पाये गये है उनमें शीघ्र दस्तावेजों की पूर्ति कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये। अनावश्यक विलंब पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने धारणाधिकार से संबंधित प्रकरण जो समय सीमा से अधिक लंबित प्रकरण है उसको शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर निर्देश दिये की सभी लंबित शिकायतों का निराकरण अधिकतम सात दिवस में सुनिश्चित किया जाये। अत्यावश्यक प्रकरणों का निराकरण शीघ्रता से किया जाये। ईएमएस/राहुल वासनिक/ 17 फरवरी 2026