फिरोजाबाद(ईएमएस) साइबर सेल जनपद फिरोजाबाद की त्वरित कार्रवाई से साइबर ठगी का शिकार हुए एक युवक के 1,00,000 रुपये वापस कराए गए हैं। पुलिस की इस सफलता से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद सौरभ दीक्षित के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज शिकायत का संज्ञान लिया। एपीके फाइल के जरिए हुई थी ठगी प्राप्त जानकारी के अनुसार,शिकायतकर्ता अमित पुत्र मनोज कुमार निवासी नगला दखल थाना उत्तर, जनपद फिरोजाबाद ने भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात साइबर ठगों ने एपीके फाइल के माध्यम से उसके साथ 1,00,000 रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। शिकायत मिलते ही साइबर सेल टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक एवं नोडल एजेंसियों से तत्काल पत्राचार किया और आवश्यक तकनीकी कार्रवाई शुरू की। त्वरित प्रयासों के परिणामस्वरूप ठगी गई पूरी धनराशि 1,00,000 रुपये आवेदक के खाते में वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित अमित ने फिरोजाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया और त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद दिया। पुलिस की अपील फिरोजाबाद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल, मैसेज या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें और अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। ईएमएस