क्षेत्रीय
17-Feb-2026


फंदे से लटका मिला प्रेमी, प्रेमिका की नदी किनारे मिली लाश छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कोयलांचल के दमुआ थाना क्षेत्र में एक साल से लिव-इन मेंं रह रहे प्रेमी का शव यहां फंदे पर लटका मिला, वहीं कुछ दूर पर नदी किनारे प्रमिका की लाश मिली है। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतकों की पहचान नरेश बट्टी और भारती डहेरिया के रूप में हुई है। दोनों दमुआ नगर के वार्ड क्रमांक-8 के निवासी बताए जा रहे हैं। मामले में दमुआ थाना प्रभारी प्रमोद सिरसाम ने बताया कि यहां के आलीवाड़ा निवासी नरेश पिता कलसराम बट्टी अपने पिता के घर से अलग होकर भारती डेहरिया नामक युवती के साथ लिव इन में वर्ष २०२५ से अप्पू हॉल के पास पिता के पुराने मकान में रह रहे थे। दोनों के बीच किसी बात को लेकर लंबे समय से विवाद होने की बातें सामने आ रही थी। सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात प्रेमिका भारती डेहरिया का शव नदी किनारे मिला, जिसके शरीर पर चोट के निशान पाए गए है। इसकी कुछ दूरी पर ही जंगल में नरेश का शव फंदे पर लटका मिला है। टीआई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नरेश ने ही भारती की हत्या की और बाद में खुद भी फांसी के फंदे से झूल गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच मेंं लिया है। नदी किनारे प्रेमिका तो जंगल में मिला प्रेमी का शव मंगलवार की सुबह पहले घर के पीछे नदी के किनारे महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी, जिसकी पहचान भारती डेहरिया के रूप में की गई। इसके कुछ ही दूरी पर जंगल में प्रेमी नरेश बट्टी का शव पेड़ पर लटका मिला। सूचना मिलते ही दमुआ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल छिंदवाड़ा भेज दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं। हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका प्राथमिक जांच में पुलिस द्वारा आशंका जताई जा रही है कि संभवत: पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने आत्महत्या की होगी। हालांकि पुलिस इस मामले में किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। टीआई ने बताया कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। ताकि सच्चाई सामने आ सके। ईएमएस/ मोहने/ 17 फरवरी 2026