क्षेत्रीय
17-Feb-2026


परासिया नपा के लेखापाल को ईओडब्ल्यू ने किया ट्रैप, मचा हड़कंप छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कोयलांचल के डोंगर परासिया नगर पालिका में ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम मंगलवार दोपहर कार्यालय में पदस्थ लेखापाल शैलेन्द्र शर्मा को 5 हजार रूपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। कार्यालय में ईओडब्ल्यू की दबिश के बाद हड़कंप मच गया। मामले को लेकर पूरे दिन गहमा-गहमी का माहौल बना रहा। वैसे भी परासिया नगर पालिका अपने अध्यक्ष के मामलों को लेकर पिछले एक माह से चर्चा में है। लेकिन मंगलवार को रिश्वत को लेकर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की कार्यवाही से नगर पालिका उस समय चर्चा में आ गई जब यहां पदस्थ लेखापाल शैलेन्द्र शर्मा नपा से सेवा निवृत्त हुए सफाई कर्मचारी लाल जी पिता सुंदरलाल पिडपारोची से गे्रजुएटी और पेंशन भुगतान के लिए ५ हजार रूपए की रिश्वत लेते ईओडब्ल्यू की टीम ले ट्रैप कर लिया। दरअसल शिकायतकर्ता लाल जी पिता सुन्दर लाल पिडपारोची सफाई कर्मी के पद से गत अगस्त 2025 में सेवानिवृत्त हुआ है। जिसका ग्रेच्युटी फंड नहीं बना है एवं पेंशन भी नहीं बनी है। जिसके लिए कर्मचारी लेखापाल शैलेंद्र शर्मा पिता महेश प्रसाद शर्मा (५४) से मिला था। लेखापाल ने ग्रेजुएट फंड और पेंशन के भुगतान के लिए 25 हजार रुपए की मांग की। कर्मचारी ने काम के लिए 20 हजार रुपए शैलेन्द्र शर्मा को दिए। लेकिन लेखपाल ने काम नहीं किया और बाकी 5 हजार की राशि के लिए कर्मचारियों को परेशान करते रहा। जिससे परेशान होकर उसने सेवानिवृत्त कर्मी लाल जी ने13 फरवरी को ईओडब्ल्यू जबलपुर को शिकायत की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद मंगलवार को ईओडब्ल्यू की टीम ने नगर पालिका परासिया के कार्यालय में लेखापाल को शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। शिक्षक से लिया जा रहा था एकाउंटेट का काम नपा से जुड़े सूत्र बता रहे है कि यहां का लेखापाल शैलेंद्र शर्मा का मूलपद सहायक शिक्षक का है और वे नपा के स्कूल में पदस्थ है लेकिन आरोपी शैलेंद्र से शिक्षक का काम लेकर नगर पालिका में अकाउंटेंट का काम लिया जा रहा था। मंगलवार को ईओडब्ल्यू की कार्रवाई से ये मामला सामने आया। ईओडब्ल्यू ने उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988, संशोधित 2018 की धारा 7 (ए) के अंतर्गत कार्रवाई की है। ईएमएस/ मोहने/ 17 फरवरी 2026