सौसर (ईएमएस)। क्षेत्र में रसूखदार शराब ठेकेदारों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब उन्हें कानून का कोई खौफ नहीं रह गया है। ताजा मामला मंगलवार सुबह का है, जहां एक शराब ठेकेदार ने मानवता की सारी हदें पार करते हुए एक होटल में घुसकर आदिवासी कर्मचारी के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों और वायरल वीडियो के अनुसार, शराब ठेकेदार अपने कुछ साथियों के साथ क्षेत्र के एक संचालित होटल में पहुंचा। वहां कार्यरत आदिवासी कर्मचारी के साथ उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़ित कर्मचारी हाथ जोड़कर बार-बार अपने बीमार होने का वास्ता देता रहा और रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन सत्ता और संपत्ति के नशे में चूर शराब ठेकेदार ने एक न सुनी और उस पर थप्पड़-मुक्कों की बरसात कर दी। एट्रोसिटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग इस घटना को लेकर स्थानीय समाज और पीड़ित पक्ष में भारी आक्रोश है। पीड़ित पक्ष ने मांग की है कि आरोपी ठेकेदार के विरुद्ध एट्रोसिटी एक्ट (स्ष्ट/स्ञ्ज अधिनियम) की सुसंगत धाराओं के तहत तत्काल मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया जाए। अधिकारियों की चुप्पी पर उठ रहे सवाल क्षेत्र में बड़ती गुंडागर्दी और माफिया राज से आम जनता त्रस्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब ठेकेदारों के बढ़ते हस्तक्षेप और दबंगई के बावजूद प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। सौसर नगर और क्षेत्र में अवैध रूप से खुलेआम 24 घंटे गली कूचों में शराब बेची जा रही है, इस पर भी आबकारी विभाग और पुलिस के अधिकारी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और मामले को दबाने के लिए राजनीतिक नेता सक्रिय नजर आ रहे हैं। इनका कहना है... मामले को लेकर अब तक किसी तरह की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। रूपलाल उइके टीआई सौसर ईएमएस/ मोहने/ 17 फरवरी 2026