क्षेत्रीय
17-Feb-2026


अलग-अलग घटनाओं में चार की चली गई जान छिंदवाड़ा (ईएमएस)। बीते २४ घंटे के दौरान चार अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई। सभी मामलों में पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के चंदनगांव की है। डिवाइडर से टकरा जाने से बाइक सवार युवक की जान चली गई। पुलिस ने बताया कि चौरई के सिरेगांव निवासी अभिषेक पिता उमेंद्र सूर्यवंशी चंदनगांव शराब भट्टी में काम करता है। मंगलवार सुबह करीब १२ बजे वह दुकान से शहर की तरफ आ रहा था। तभी अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं थीं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीआईएसएफ के जवान की मौत दूसरा मामला परासिया के शिवपुरी का है। यहां शिवपुरी कैंप में पदस्थ जवान की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार सिवनी जिले के केवलारी निवासी सीताराम पिता सुमेरा उइके (५९) शिवपुरी में सीआईएसएफ में कार्यरत है। सोमवार की रात ड्यूटी के दौरान उसका स्वास्थ्य बिगड़ गया, गंभीर हालत में उसे बड़कुही अस्पताल लाया गया। यहां हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी देर रात मौत हो गई। युवक ने लगाई फांसी तीसरा मामला देहात थाना क्षेत्र के गांगीवाड़ा मोदई का है। यहां रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने बताया कि यहां रहने वाला गोपाल पिता दूबेलाल उइके (४०) ईंट भट्टे का काम करता था और शराब पीने का आदी था। सोमवार को उसने पलसे के पेड़ से लटक कर फांसी लगा ली। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। कुंए में गिरे युवक की डूबने से मौत चौथा मामला कुंडीपुरा थाना क्षेत्र के नवेगांव का है। यहां रहने वाले अखलेश पिता रामजी धुर्वे (२७) की कुंए में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप कर मामले की जांच शुरू कर दी है। ईएमएस/ मोहने/ 17 फरवरी 2026