क्षेत्रीय
17-Feb-2026


पोला ग्राउण्ड मे कार्यक्रम के बाद हुए थे चोरी, दो लाख का माल बरामद छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कोतवाली थाना अंतर्गत दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम के बाद आधी रात को अज्ञात बदमाशों ने यहां से साउंड सिस्टम चोरी कर फरार हो गए थे। घटना की सूचना के बाद पुलिस ने घटना के महज २४ घंटे के भीतर ही चार आरोपियों को दबोच कर उनके कब्जे से २ लाख रूपए कीमत के साउंड सिस्टम सहित करीब सवा चार लाख रूपए का माल मशरूका बरामद किया है। मामले में कोतवाली टीआई आशीष कुमार ने बताया कि नरसिंहपुर नाका निवासी दुर्गेश साहू पिता मंगल साहू ने सोमवार को दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में अपना साउंड सिस्टम लगाया था। दूसरे दिन सुबह जब वह साउंड सिस्टम खोलने पहुंचा तो वहां उसके ३ एम्लीफायर मशीन और एक साउंड बॉक्स गायब थे। उसने तुरंत घटना की रिपोर्ट कोतवाली थाने में दर्ज कराई। रिपोर्ट पर पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जिसमें क्षेत्र का पुराना बदमाश पराग अग्रवाल नजर आया, उसे पकड़ पर पूछताछ की तो जिसमें उसने बताया कि उसने अपने तीन साथी नौशाद पिता फिराज शाह, शहनबाज पिता दीवान कुरैशी और एक अपचारी बालक के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों को पकड़ कर उनके कब्जे से चोरी का माल मशरूका बरामद कर लिया है। आरोपी को पकड़ने वाली टीम में टीआई के अलावा सउनि ब्रिजेश रघुवंशी, प्रआ अनिल विश्वकर्मा, आर विकाश बैस, विपिन सरेटा, रामकुमार जाटव, सायबर सैल से प्रआ नितिन सिंह, आर आदित्य रघुवंशी शामिल रहे। ईएमएस/ मोहने/ 17 फरवरी 2026