गुलाबरा सहित शहर में गुणवत्ताहीन किया गया रेस्टोरेशन का कार्य, वार्ड नंबर ४२ के पार्षद ने जनसुनवाई में की शिकायत छिंदवाड़ा (ईएमएस)। शहर में सीवर लाइन बिछाई के बाद सड़क की मरम्मत ठीक ढंग से निर्माण एजेंसी कर देती तो गुलाबरा के पार्षद संदीप चौहान को जल सत्याग्रह नहीं करना पड़ता। इसके अलावा न गड्ढे होते और ना ही राहगीर व वाहन चालक को आवाज उठाना पड़ता। गुलाबरा में उधड़ी सड़क हो या फिर अनगढ़ हनुमान मंदिर के सामने या फिर सीएस कॉम्प्लेक्स में गड्ढे से आक्रोश का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोग नगर निगम से पर्याप्त मरम्मत की मांग ही कर रहे हैं। जैसा मार्ग पहले था,लोग वैसा ही उसे देखना चाह रहे हैं। जल्दबाजी में लक्ष्मी कंस्टे्रक्शन ने रेस्टारेशन में जमकर लापरवाही की है। इसी वजह से शहर की सड़के रेस्टोरेशन की वजह से पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। लक्ष्मी कंस्टे्रक्शन द्वारा सबसे ज्यादा लापरवाही गुलाबरा क्षेत्र में की गई है। कंपनी ने कई जगह तो पाईप लाइन डालने का कार्य किया ही नहीं है। इसी बात से नाराज वार्ड क्रमांक ४२ के पार्षद संदीप सिंह चौहान ने जनसुनवाई में पहुंचकर उक्त कंपनी के खिलाफ शिकायत की है। पार्षद संदीप सिंह चौहान ने बताया है कि लक्ष्मी कंस्टे्रक्शन द्वारा सीवर लाइन बिछाने एवं ट्रीटमेंट प्लांट का टेंडर ३०० करोड रूपए में लिया है। लेकिन कंपनी द्वारा लापरवाही व गुणवत्ताहीन कार्य कर शहर की लगभग २५० करोड़ रूपए की सड़कों को बर्बाद कर दिया है। बार बार शिकायत के बाद कंपनी अपने कार्य में सुधार नहीं ला रही है। नगर निगम आयुक्त भी शिकायतों के बाद इस ओर ध्यान नहीं दे रहे है। इसी वजह से पार्षद ने कलेक्टर पहुंचकर जनसुनवाई में न्याय के लिए आवेदन दिया। बिना इंजीनियर, बिना मापदंड ही कर दिया कार्य लक्ष्मी कंस्टे्रक्शन द्वारा शहर में बिना मापदंडों के लाइन बिछाने का कार्य किया गया है। पार्षद संदीप सिंह चौहान ने बताया है कि लाइन डालते वक्त कंपनी की ओर से कोई इंजीनियर भी मौके पर मौजूद नहीं रहा। बल्कि मजदूरों ने ही अपने हिसाब से खुदाई की ओर लाइन बिछाने का कार्य कर दिया। बिना मापदंडों के बिछाई गई पाइप लाइन की वजह से चेम्बर अभी से ही ओवन फ्लो होने लगे है। जिसका गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इसमें कंपनी की लापरवाही साफ देखी जा सकती है। ऊंची नीची हो गई वार्ड की सड़के पार्षद संदीप चौहान ने बताया है कि रेस्टोरेशन के कार्य में लक्ष्मी कंस्टे्रक्शन द्वारा इस हद तक की लापरवाही की गई है कि अब वार्ड की सडके ऊंची नीची हो गई है। कईर् जगह तो कंपनी ने घरों के सामने खुदाई की ओर उसे पूरते वक्त सड़कों को घर से ऊंचा कर दिया गया। जिसकी वजह से बारिश के दिनों में सड़कों का पानी घरों में जाता है। कई बार वार्ड वासियों ने कपंनी के कर्मचारियों अधिकारियों से इस विषय में शिकायत की गई लेकिन कंपनी ने इस ओर कोई ध्यान नहंी दिया। काम नहीं तो भुगतान क्यो जनसुनवाई में अपने वार्ड में लक्ष्मी कंस्टे्रक्शन द्वारा किए गए घटिया कार्य की शिकायत लेकर पहुंचे पार्षद संदीप चौहान का कहना है कि जब कंपनी द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य किया गया है तो बिना जांच के कंपनी को भुगतान क्यो किया गया है। वहीं अब भी कई जगह कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। इसके बाद भी कंपनी को भुगतान क्यो किया जा रहा है। उन्होंने कलेक्टर से कपंनी के भुगतान पर रोक लगाने व कार्य में सुधार के लिए न्याय की मांग की है। ईएमएस/ मोहने/ 17 फरवरी 2026