व्यापार
18-Feb-2026
...


मुम्बई (ईएमएस)। घरेलू शेयर बाजार की बुधवार को मिली-जुली शुरुआत रही। एशियाई बाजारों से मिले अच्छे संकेतों के साथ ही धातु और बैंकिंग शेयरों में खरीदारी से भी बाजार धारणा प्रभावित हुई है हालांकि आईटी शेयरों में गिरावट से बाजार की तेजी पर अंकुश लगा रहा। इससे सुबह 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स करीब 100 अंक उछलकर 83,553 पर खुला हालांकि खुलने के बाद इंडेक्स में सपाट कारोबार हुआ। सुबह बाजार बढ़त के साथ ही 83,415.63 पर कारोबार कर रहा था। इसी तरह 50 शेयरों वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 25,752 पर खुला और खुलने के कुछ देर में 25,700 के नीचे आ गया। सुबह यह 1.25 अंक की मामूली गिरावट लेकर 25,724.15 पर कारोबार कर रहा था। बाजार के प्रमुख सूचकांकों को एशियाई बाजारों में आई तेजी से भी बल मिल सकता है। जापान का निक्केई 225 अंक और ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी एएसएक्स करीब 0.28 फीसदी ऊपर कारोबार कर रहे थे। वहीं चीन (मेनलैंड), हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजार लूनर न्यू ईयर की छुट्टियों के कारण बंद रहे। दूसरी ओर अमेरिका के वॉल स्ट्रीट में बाजार हल्की बढ़त के साथ बंद हुए। इस दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रभाव को लेकर भी चिंताएं बनी रही। अमेरिका में एसएंडपी 500 इंडेक्स और नैस्डैक कंपोजिट उछलकर बंद हुए। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल औसत भी हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ। ईएमएस 18 फरवरी 2026