स्नूकर पूल गेम की रंजिश खूनी संघर्ष में बदली - आरोपी और घायल साथ पढ़ते है कोचिंग में, थप्पड़ का बदला लेने किया हमला भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के टीला जमालपुरा थाना इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहॉ गणेश चौक स्थित स्नूकर क्लब में बीती 15 फरवरी की रात 10वीं के छात्र पर दो नाबालिग छात्रो ने कातिलाना हमला कर सिर्फ 30 सेकेंड में 27 बार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया। वारदात का सीसीटीवी फुटेज रविवार 22 फरवरी को सामने आया है, जिसमें आरोपी फिल्मी अंदाज में अंदर घुसकर ताबड़तोड़ हमला कर मौके से फरार हो गए। वहीं घायल छात्र ने जैसे-तैसे खुद को संभालकर वार से बचकर अपनी जान बचाई। हालांकि हमले में उसकी एक कलाई पर 10 से अधिक गहरे घाव हुए हैं। जबकि दूसरे हाथ की उंगलियां कट गई हैं। वहीं उसके कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोट हैं। घायल छात्र अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है। हैरानी वाली बात ये है, कि हमलावर और पीड़ित एक ही कोचिंग में साथ पढ़ते थे। पुराने विवाद में थप्पड़ का बदला लेने के लिए ये खौफनाक हमला किया गया। मामला दर्ज कर पुलिस आगे की जांच कर रही हैं। - यह है पूरा खौफनाक मामला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल 16 वर्षीय छात्र गौतम नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला है, और रोजाना पूल खेलने क्लब आता था। कुछ दिन पहले उसका क्लब में ही 16-16 वर्षीय दो अन्य नाबालिगों से किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। बताया गया है, कि वह दोनो नाबालिग भी 10वीं कक्षा के छात्र हैं, और घायल के साथ कोचिंग में पढ़ते हैं। उस दिन हुए झगड़े में घायल छात्र ने दोनों को थप्पड़ मार दिए थे। आरोपी इसी रंजिश के चलते उससे बदला लेने की फिराक में थे, और मौका लगते ही आरोपियों ने बदला लेने की नीयत से हमला कर दिया। - आरोपी किशोर छात्रो को थाने से नोटिस देकर छोड़ा गंभीर चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने आरोपी किशोर छात्रो के खिलाफ मामूली धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उन दोनों को गिरफ्तार करने के बाद नोटिस देकर थाने से ही छोड़ भी दिया। वहीं करीब सात दिन बाद घटना का सीसीटीवी वायरल होने बाद अब पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। दोनों ही नाबालिग आरोपियो को थाने से नोटिस देकर छोड़ दिया गया है। घायल छात्र की मेडिकल रिपोर्ट्स के आधार पर प्रकरण में आरोपी किशोरो के खिलाफ धाराओं में इजाफा किया जायेगा। जुनेद / 23 फरवरी