कटनी (ईएमएस) । नगर निगम द्वारा शहर में आवारा मवेशियों पर नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत हांका टीम ने सोमवार को पुनः प्रभावी कार्यवाही करते हुए 19 आवारा मवेशियों को सुरक्षित पकड़ा। सिविल लाइन स्थित गणेश चौक एवं दुर्गा मंदिर के पास सहित मुख्य रेलवे स्टेशन एवं दुगड़ी नाला मुख्य मार्गों में चलाए गए अभियान के दौरान पकड़े गए 19 मवेशियों को नियमानुसार अमीरगंज स्थित गौशाला भेजा गया, जहां उनकी समुचित देखभाल की व्यवस्था की गई है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़कों पर आवारा मवेशियों की आवाजाही से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। नागरिकों की सुरक्षा एवं सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। निगम प्रशासन ने मवेशी पालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुला न छोड़ें एवं निर्धारित नियमों का पालन करें, अन्यथा नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। ईएमएस/मोहने/23 फरवरी 2026