दशहरा मैदान में होगा सुगम मानस मंडल का कवि सम्मेलन छिंदवाड़ा (ईएमएस)। सुगम मानस मंडल इस साल भी धुरेड़ी के अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन करेगा। कवि सम्मेलन में हास्य, श्रंगार, वीर रस से जुड़ी रचनाओं को सुनाने प्रतिष्ठित और नामी कवियों केा बुलाया गया है। दशहरा मैदान में 4 मार्च को शाम साढ़े सात बजे से कवि सम्मेलन होगा। कार्यक्रम संयोजक रमेश पोफली ने बताया कि कार्यक्रम के प्रमुख अतिथि कलेक्टर हरेन्द्र नारायण रहेंगे जबकि अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय करेंगे। विशिष्ट अतिथि आईपी त्रिपाठी कुलगुरु रहेंगे। मंडल के अध्यक्ष निरपत सिंह टेखरे, मंत्री घनश्याम कर्मवीर, कोषाध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि इस वर्ष वेदव्रत बाजपेयी लखनउ, संजय झाला राजस्थान, सुनील व्यास मुंबई,जौहर कानपुरी कानपुर , एकेश पार्थ जयपुर, सुश्री अना देहलवी दिल्ली और दीपक दनादन भोपाल को आमंत्रित किया गया है। आयोजन का यह 71वां वर्ष धुरेड़ी के दिन शहर में होने वाला यह कवि सम्मेलन पूरे देश में प्रसिद्ध है। पूरे देश में इस दिन ऐसा आयोजन और कही नहीं होता है। पूर्व समाजसेवी और सुगम मानस मंडल के संस्थापक प्रतुलचंद द्विवेदी ने यह साहित्यिक कार्यक्रम शुरू किया था। धीरे-धीरे यह लोकप्रिय होता रहा और फिर इसने सार्वजनिक रूप ले लिया। देश के प्रतिष्ठिक साहित्यकार, रचनाकार इस मंच पर अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। रंग गुलाल खेलने के बाद लोग रात में कविताओं का आनंद लेने बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। पहले यह आयेाजन स्टेडियम में होता था। बाद में यह दशहरा मैदान में होने लगा। कवि सम्मेलन का यह 71वां वर्ष है। ईएमएस/मोहने/ 23 फरवरी 2026