छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कलेक्टर हरेंद्र नारायण की अध्यक्षता में सोमवार को कें्रदीय विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक हुई। इसमें विद्यालय में आगामी सत्र के लिए व्यवस्थाओं पर चर्चा और विचार विमर्श के बाद निर्णय लिए गए। विद्यालय के प्राचार्य हरि प्रसाद धारकर ने वीएमसी का एजेंडा प्रस्तुत किया और बताया कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का संचालन, भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों के लिए टच पैनल की खरीद और उपयोगिता पर जोर दिया गया। विद्यालय के विकास के लिए विभिन्न प्रशासनिक कार्यों की सहमति भी बैठक में ली गई। बैठक में मीनाक्षी कोरी, दिलीप चौहान, श्वेता चड्ढा, डॉ. विवेक नागपुरे, आरके उपाध्याय, डॉ सुशील पटवा और विवेक चौहान शामिल रहे। कलेक्टर ने विद्यालय के शिक्षकों और विद्यालय प्रबन्धन की ओर से किए जा रहे प्रयासों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर नवाचार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण की सराहना की। कलेक्टर ने कहा कि विद्यार्थियों को अधिक से अधिक किताबें पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए साथ ही पालकों को भी समझाया जाना चाहिए कि वे बच्चों के साथ गुणवत्तापूर्ण समय व्यतीत करें। ईएमएस/मोहने/ 23 फरवरी 2026