राज्य
23-Feb-2026


गांधीनगर (ईएमएस)| गुजरात विधानसभा के आठवें सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव में भाग लेते हुए उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने विपक्ष पर तीखे प्रहार किए और राज्य सरकार की उपलब्धियों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का संबोधन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि विकसित गुजरात के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण का संकल्प-पत्र है। यह गुजरात के अतीत का फीडबैक और भविष्य का रोडमैप प्रस्तुत करता है। ‘कर्फ्यू और दंगों’ से ‘शांति और विकास’ तक का सफर संघवी ने कहा कि 20वीं सदी में कांग्रेस शासित गुजरात की पहचान कर्फ्यू, सांप्रदायिक दंगों और ‘टैंकर राज’ तक सीमित थी। वर्ष 2001 में नरेन्द्र मोदी द्वारा राज्य की बागडोर संभालने के बाद प्रदेश में स्थायी शांति स्थापित हुई। आज ‘कर्फ्यू’ शब्द गुजरात की डिक्शनरी से मिट चुका है और बेटियां आधी रात को भी निर्भय होकर बाहर निकल सकती हैं। उन्होंने कहा कि जो पत्थर कभी दंगों में फेंके जाते थे, आज उन्हीं पत्थरों से विश्वस्तरीय अस्पताल और विश्वविद्यालयों का निर्माण हो रहा है। गरीब ‘वोट बैंक’ नहीं, ‘दरिद्र नारायण’ हैं नायब मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के लिए गरीब वोट बैंक नहीं, बल्कि ‘दरिद्र नारायण’ हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 75 लाख परिवारों के 3.18 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज मिल रहा है। वहीं वन नेशन वन राशन कार्ड योजना से श्रमिकों को देश में कहीं भी राशन प्राप्त करने की सुविधा है। राज्य में 10 लाख से अधिक लोगों को पक्के घर दिए जा चुके हैं और इस वर्ष 3.15 लाख अतिरिक्त आवास देने का लक्ष्य रखा गया है। आयुष्यमान भारत योजना के तहत 2.72 करोड़ नागरिकों को 10 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। युवाओं के लिए रिकॉर्ड उपलब्धियां संघवी ने बताया कि 19 फरवरी 2026 को गुजरात ने 1,00,135 एमएसएमई यूनिट्स को प्रमाणित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। नेशनल स्टार्टअप रैंकिंग में राज्य लगातार पांचवीं बार ‘बेस्ट परफॉर्मर’ रहा है। वर्ष 2024 से 2033 तक 2 लाख से अधिक सरकारी पदों को भरने के लिए 10 वर्ष का ‘भर्ती कैलेंडर’ जारी किया गया है। दिसंबर 2025 तक 1268 रोजगार मेलों के माध्यम से 72,128 युवाओं को रोजगार प्रदान किया गया है। ‘टैंकर राज’ से ‘नर्मदा राज’ तक किसानों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि अब गुजरात में ‘टैंकर राज’ नहीं, बल्कि ‘नर्मदा राज’ है। किसान सूर्योदय योजना के तहत दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के जरिए 60 लाख किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंच रही है। हाल ही में प्राकृतिक आपदा के समय राज्य सरकार ने 11,000 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक राहत पैकेज देकर किसानों का संबल बढ़ाया है। ‘विरोध की राजनीति’ बनाम ‘विकास की राजनीति’ हर्ष संघवी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष केवल विरोध की राजनीति करता है, जबकि भाजपा सरकार विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने दोहराया कि गुजरात की विकास यात्रा ‘सौ का साथ, सौ का विकास’ के मंत्र के साथ निरंतर आगे बढ़ती रहेगी। सतीश/23 फरवरी