राज्य
23-Feb-2026
...


:: गांधीनगर में आयोजित स्पर्धा में मारी बाजी; 50 हजार का पुरस्कार जीता, अब नेशनल स्किल प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम :: इंदौर (ईएमएस)। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के तत्वावधान में गांधीनगर (गुजरात) में आयोजित इंडियन स्किल 2025-26 रीजनल प्रतियोगिता (वेस्टर्न रीजन) में इंदौर के गौरव ने इजाफा किया है। संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI) इंदौर के रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग ट्रेड के प्रशिक्षणार्थी पीयूष राणे ने शानदार कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। पीयूष को इस उपलब्धि के लिए 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि यह आयोजन विश्व कौशल प्रतियोगिता-2026 की चयन प्रक्रिया के अंतर्गत किया गया था। क्षेत्रीय स्तर पर रजत पदक जीतने के साथ ही पीयूष राणे का चयन अब मार्च में नई दिल्ली में आयोजित होने वाली नेशनल स्किल स्पर्धा के लिए हो गया है। पीयूष की इस सफलता ने न केवल संस्थान बल्कि पूरे इंदौर संभाग का नाम कौशल विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। :: संस्था आगमन पर हुआ भव्य स्वागत :: प्रतियोगिता से विजयश्री लेकर लौटने पर पीयूष राणे का संस्थान में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस अवसर पर संयुक्त संचालक कौशल विकास (इंदौर संभाग) सतीश मोरे, प्राचार्य रीना सोलंकी, प्राचार्य (वर्ग-2) गौरव आर्य और उप प्राचार्य जी आर अम्बोदिया सहित समस्त प्रशिक्षण अधिकारियों व कर्मचारियों ने पीयूष को बधाई दी। अधिकारियों ने पीयूष की मेहनत की सराहना करते हुए इसे अन्य प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। :: तकनीकी सहायता का मिला आश्वासन :: नेशनल प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर संयुक्त संचालक और प्राचार्य ने पीयूष को आश्वस्त किया कि आगामी स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए संस्था की ओर से हर संभव तकनीकी सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। संस्थान प्रबंधन ने विश्वास जताया कि पीयूष नेशनल स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाएंगे और देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त करेंगे। प्रकाश/23 फरवरी 2026