क्षेत्रीय
23-Feb-2026


प्रथम चरण में 1 से 30 मई तक होगा मकान सूचीकरण का काम छिंदवाड़ा (ईएमएस)। जिले में 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। जिसमें प्रगणक घर-घर पहुंचकर सर्वे करेंगे और ३३ प्रश्नों के जवाब पूछेंगे। इस मकान सूचीकरण को सेल्फ इन्यूमैरेशन पोर्टल के माध्यम से आमजन खुद भी भर सकते हैं। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक ली इसके बाद जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण भी नगर निगम सभाकक्ष में किया गया। कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने प्रशिक्षण के दौरान पूरी सटीकता और गंभीरता से जनगणना का कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि बिना किसी भए के सही जानकारी दें जनगणना के आंकड़ों की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित होती है। बता दें कि कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन में दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार से प्रारंभ हो चुका है। जिसका औपचारिक शुभारम्भ कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी हरेंद्र नारायन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन नगर निगम छिंदवाड़ा के सभाकक्ष में किया जा रहा है, जिसमें भारत सरकार द्वारा जिले के लिये नियुक्त राष्ट्रीय ट्रेनर एवं संयुक्त निदेशक जनगणना रामावतार पटेल द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। दो चरणों में संपन्न होगी जनगणना 2027 प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा जो 0 से 30 मई 2026 तक चलेगा। प्रथम चरण के कार्य से द्वितीय चरण की जनगणना के लिये आधार तैयार होगा, इसलिए प्रथम चरण के सफल संचालन के लिये जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों के प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे जनगणना का कार्य पूरी सटीकता के साथ सम्पन्न हो सके। द्वितीय चरण में जनगणना का कार्य 1 से 28 फरवरी 2027 के मध्य पूर्ण किया जाएगा। सटीकता से हो जनगणना का कार्य - प्रशिक्षण के शुभारंभ सत्र में कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी हरेंद्र नारायन ने सभी अधिकारियों को जनगणना कार्य के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय, सजग एवं जिम्मेदार भूमिका अपेक्षित है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का व्यवहारिक रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा कार्य को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक संपादित किया जाए। उन्होंने जिलेवासियों से भी अपील की है कि प्रगणकों के घर पहुंचने पर उन्हें पूरा सहयोग करें और सही जानकारी प्रदाय करें। ईएमएस/मोहने/ 23 फरवरी 2026