रविवार हो बिगड़ी स्थिति पर 15 दिन में कार्यवाही की मांग की छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार का कलेक्टर हरेंद्र नारायण से मुलाकात की और रविवार को कांग्रेस कार्यालय के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए हंगामें और बनी आराजक स्थिति पर नाराजगी जाहिर की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पन्द्रह दिन में इसकी जांच कराई जाए और दोषी पुलिस अफसरों पर कार्रवाई की जाए। ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। कांग्रेस ने कलेक्टर को दिए ज्ञापन में कहा कि जिला प्रशासन ने 21 फरवरी को जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे से यह जानकारी साझा की थी कि भाजपा एक रैली के रूप में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने वाले मार्ग से होते हुए ईएलसी चौक पहुंचेंगी और पुतला दहन करेगी। ये भी बताया था कि किसी भी स्थिति में भाजपा की रैली को कांग्रेस कार्यालय के समझ नहीं आने दिया जाएगा। ऐसे में 22 फरवरी रविवार को जब भाजपा की रैली जेल तिराहा होते हुए कांग्रेस कार्यालय कैसे पहुंची। कांग्रस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस रैली को पूरी सुरक्षा देते हुए कांग्रेस कार्यालय के सामने लेकर पहुंची और पुतला भी जलवाया। विरोध करने वाले कांग्रेस के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं पर लाठियां भी बरसाई जिसमें कांग्रेस के अनेकों कार्यकर्ता घायल हुए हैं। कांग्रसे नेताओं का कहना पड़ा कि जब निर्धारित मार्ग बदलागया तो पहले ही भाजपाईयों को पुलिस ने क्यों नहीं रोका। इन सब के लिए कौन उत्तरदायी है यह सुनिश्चित किया जाए। भाजपा के लोगों ने कानून का उल्लंघन किया और पुलिस के द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज का आदेश बिना किसी उचित कारण के किसके द्वारा दिया गया, इसकी जांच होनी चाहिए। सुनियोजित ढंग से वाटर केनन का उपयोग नहीं किया गया इसकी भी उचित जांच अवश्य होनी चाहिए। कांग्रेस ने प्रस्तुत ज्ञापन के साथ 21 घायल कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के नामों की सूची भी सौंपी है। कलेक्टर को ज्ञापन देते समय जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे, पांढुर्ना जिला प्रभारी गंगाप्रसाद तिवारी, जामई विधायक सुनील उइके, पांढुर्ना विधायक निलेश उइके, निगम अध्यक्ष धर्मेन्द्र सोनू मागो व शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव उपस्थित रहे। ईएमएस/मोहने/ 23 फरवरी 2026