छिंदवाड़ा (ईएमएस)। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी द्वारा सोमवार को बिना अनुमति आयोजित किए जा रहे प्रदर्शन को पुलिस ने रोक बस स्टेंड पर ही रोक दिया। मिली जानकारी के अनुसार गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिला अध्यक्ष देवरावन भलावी के नेतृत्व में लगभग 300-400 लोगों की उपस्थिति में मानसरोवर कांप्लेक्स के सामने एकत्रित होकर एक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह विरोध प्रदर्शन तेलंगाना विधायक टी राजा सिंह के छिंदवाड़ा पोला ग्राउंड में आयोजित बजरंगदल के कार्यक्रम में मुस्लिम समुदाय के लिए की गई तल्ख एवं भड़काऊ भाषण के विरोध में किया गया था। इस विरोध प्रदर्शन में मुस्लिम समाज के भी लगभग डेढ सौ युवा शामिल हुए थे। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने बिना किसी अनुमति के प्रदर्शन करने और रैली निकालने की कोशिश की। प्रदर्शनकारी कलेक्टर कार्यालय जाना चाह रहे थे लेकिन तैनात पुलिस ने उन्हें आगे नही बढ़ने दिया। यहां पर एसडीएम सुधीर जैन पहुंचे और मानसरोवर काम्पलेक्स के सामने ही उनसे ज्ञापन लिया। पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाते हुए रैली को रोका। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। निर्देश मिलने पर पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तत्परता से कार्रवाई की और किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोका। ईएमएस/मोहने/ 23 फरवरी 2026