राज्य
23-Feb-2026


:: जन्मदिन पार्टी के बाद बिगड़ी थी 6 लोगों की तबीयत; सीएमएचओ ने कहा- स्थिति सामान्य, अफवाहों पर न दें ध्यान :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के भागीरथपुरा क्षेत्र स्थित शर्मा गली में शनिवार देर रात आयोजित एक निजी जन्मदिन पार्टी में भोजन करने के बाद कुछ नागरिकों का स्वास्थ्य बिगड़ने की घटना सामने आई है। सोशल मीडिया पर इस खबर के प्रसारित होने के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव हासानी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि प्रभावित सभी 6 नागरिकों का स्वास्थ्य अब पूरी तरह सामान्य है और वे ठीक हैं। किसी भी मरीज की स्थिति गंभीर नहीं है। डॉ. हासानी के अनुसार, शनिवार को आयोजित इस समारोह में लगभग 60 रिश्तेदार शामिल हुए थे, जिन्होंने रात 11 बजे भोजन किया था। रविवार को इनमें से कुछ लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं महसूस हुईं। एहतियात के तौर पर 6 प्रभावित व्यक्तियों को उपचार के लिए एम.वाई. अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उपचार के बाद सभी की स्थिति अब स्थिर और सामान्य है। :: अफवाहों से बचने की अपील :: सीएमएचओ डॉ. माधव हासानी ने नागरिकों और मीडिया संस्थानों से अनुरोध किया है कि इस घटना को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी साझा न करें और न ही इसे अनावश्यक रूप से तूल दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह एक सामान्य उपचार प्रक्रिया थी और स्वास्थ्य विभाग पूरी स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए है। :: सतर्कता ही बचाव :: स्वास्थ्य विभाग ने इस घटना के बाद आम नागरिकों को सलाह दी है कि आयोजनों में भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। विशेषकर बदलती ऋतु और रात्रि भोज के समय खाद्य पदार्थों के रखरखाव में सावधानी बरतनी चाहिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अन्य किसी व्यक्ति के बीमार होने की सूचना नहीं है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। प्रकाश/23 फरवरी 2026