० 23 अवैध ठेले हटाए गए, 27 मामलों में 18,000 रुपये का ई-चालान वसूला गया रायपुर (ईएमएस)। रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला एवं जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेशानुसार तथा नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप एवं यातायात पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर राजधानी में टीम प्रहरी अभियान के अंतर्गत व्यापक अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई की गई। एएसपी यातायात विवेक शुक्ला, नगर निगम अपर आयुक्त (नगर निवेश) पंकज के. शर्मा, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन 2 जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता पी.डी. घृतलहरे, उप अभियंता सुश्री अंजली बारले सहित यातायात पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीम ने जोन 2 क्षेत्र में मरही माता मंदिर चौक, मेकाहारा चौक, रेलवे स्टेशन मार्ग और नहरपारा मुख्य मार्ग पर अभियान चलाया। अभियान में 23 अवैध ठेले हटाए गए। वहीं सड़क पर अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वाले 27 दुकानदारों से लगभग 18,000 रुपये का ई-चालान वसूला गया और दुकानदारों को भविष्य में अतिक्रमण न करने हेतु कड़ी चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान दुकानदारों को समझाइश दी गई कि वे सड़क पर सामान रखकर यातायात अवरुद्ध न करें। अन्यथा की स्थिति में सामान की जब्ती सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित कब्जाधारी की होगी। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/26 फरवरी 2026