क्षेत्रीय
02-Mar-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में होली के पावन अवसर पर सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत करते हुए मानव सेवा मिशन की टीम ने बरपाली स्थित संवर्धन बालक छात्रावास में निवासरत बच्चों के बीच पहुंचकर त्यौहार की खुशियां साझा कीं। मिशन के सदस्यों ने बच्चों को मिठाई, नमकीन और रंग-गुलाल वितरित किए। रंगों और मिठास से भरे इस आयोजन ने छात्रावास परिसर को उत्सव में बदल दिया। बच्चों के चेहरे पर झलकती मुस्कान ने पूरे वातावरण को आनंद और उल्लास से भर दिया। पर्व की औपचारिकता तक सीमित न रहते हुए टीम ने छात्रावास की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर सूखा राशन सामग्री भी प्रदान की, ताकि बच्चों को दैनिक जीवन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यह पहल मिशन की दूरदर्शिता और सेवा भावना को दर्शाती है। कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने बच्चों से आत्मीय संवाद स्थापित किया। उनकी पढ़ाई, दिनचर्या और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा कर उन्हें मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। इस सेवा कार्य में मिशन के सक्रिय सदस्य केशव चन्द्रा, अशोक पटेल, संजय विजयवर्गीय, दिनेश पृथ्वीकर, कमलेश बोहरपी, क्रांति सोनी, मनोज सिंह, लिलेश्वर शर्मा, पीतम लाल सोमनकर एवं छात्रावास संचालक सनत रजक की गरिमामयी उपस्थिति रही।