- पति द्वारा चरित्र संदेह को लेकर होते थे विवाद - अंजान लोगो से बात करने पर पति होता था नाराज भोपाल(ईएमएस)। शहर के कजलीखेड़ा थाना इलाके में रहने वाली तीन बच्चो की मॉ ने डुप्लेक्स की दूसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह परिजनों ने उसका शव देखने के बाद पुलिस को खबर दी। शुरुआती जॉच में विवाहिता के पति ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले रविवार देर रात उसका पत्नी से मामूली विवाद हुआ था। इसके कुछ देर बाद पत्नी ने मोबाइल चलाने के लिए मांगा। लेकिन उसने उसे मोबाइल नहीं दिया और सोने चला गया। सोमवार सुबह उसे पड़ोसियों से उसकी पत्नी का शव खून से लथ-पथ हालत में पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। थाना पुलिस के अनुसार ग्रीन सिटी कॉलोनी में रहने वाली 33 वर्षीय सोनम प्रजापति पति जितेंद्र प्रजापति देव घरेलू महिला थी। उसका पति कारपेंट्री का काम करता हैं। उसका परिवार मूल रूप से जबलपुर का रहने वाला है, और बीते करीब 10 साल से भोपाल में रह रहा था। दंपत्ति के 14 साल की बेटी सहित दो बेटे है। बताया जा रहा है की उसका पति उसके चरित्र को लेकर संदेह करता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच आये दिन विवाद होते रहते थे। करीब एक महीने पहले पति ने पत्नी के मोबाइल फोन को तोड़ दिया था। वअ पत्नी के फोन पर किसी से भी बात करने पर एतराज करता था। रविवार रात को उनके बीच मोबाइल की बात को लेकर ही एक बार फिर विवाद हो गया था। झगड़े के कुछ समय बाद पत्नी ने दोबारा पति से उसका मोबाइल फोन मांगा तब पति ने अपना मोबाइल फोन देने से मना कर दिया। इसके बाद पति सोने चला गया। इस बीच उसकी पत्नि सोनम रात को किस समय घर से निकली और छत से नीचे छलांग लगा दी, इसकी जानकारी उसे नहीं है। अगली सुबह किसी ने पत्नी के शव को देखा और उसे खबर दी। सूत्रो के अनुसार पुलिस घटना को लेकर खुदकुशी सहित हत्या के एंगल पर भी जॉच कर रही है। हालांकि शुरुआती बातचीत में महिला के बच्चों ने पिता पर किसी तरह की प्रताड़ना के आरोप नहीं लगाए हैं। उन्होंने भी बताया कि मां लोगों से फोन पर बात करती थीं, इसी के चलते मां और पिता में विवाद होते थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। जहां महिला का शव मिला है, वह पथरीला इलाका है। पत्थरों पर खून के निशान मिले हैं। पुलिस ने बताया की विवाहिता का मोबाइल फोन जप्त कर उसे जॉच के लिये भेजा जायेगा। जुनेद / 2 मार्च