- किसानों के कल्याण के लिए 27 हजार 746 करोड़ रूपए खर्च करने जा रही सरकार - कृषि कैबिनेट के निर्णय से निमाड़ के साथ संपूर्ण मध्यप्रदेश के विकास को मिलेगी रफ्तार - लोक संस्कृति के सम्मान के प्रकटीकरण के लिए बड़वानी में कृषि कैबिनेट का आयोजन - शैलेन्द्र बरूआ भोपाल (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ ने किसान कल्याण वर्ष में किसानों के कल्याण और लोक संस्कृति के सम्मान के प्रकटीकरण के लिए बड़वानी जिले के नागलवाड़ी गांव में आयोजित कृषि कैबिनेट में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के विरासत के साथ विकास की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जनजातियों के आराध्य भीलटदेव के मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ कृषि कैबिनेट में किसानों के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। र्कृष कैबिनेट में किसान कल्याण से संबंधित छह महत्वपूर्ण विभागों की 16 योजनाओं की 27 हजार 746 करोड़ की विभिन्न योजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई है। कृषि कैबिनेट के इस निर्णय से निमाड़ के साथ संपूर्ण मध्यप्रदेश के विकास को रफ्तार मिलेगी। किसानों के कल्याण के लिए 27 हजार 746 करोड़ की राशि खर्च करने के लिए कृषि विभाग की एक, उद्यानिकी विभाग की तीन, पशुपालन की चार, मछुआ कल्याण की दो, सहकारिता की चार और नर्मदा घाटी विकास विभाग की दो योजनाओं को शामिल किया गया है। साढ़े पंद्रह हजार हेक्टेयर में होगी सिंचाई, खुशहाल होंगे जनजातीय समाज व किसान भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ ने कहा कि कृषि कैबिनेट में 861 करोड़ की बरला उद्वहन माइक्रो सिंचाई परियोजना को मंजूरी प्रदान की गई है। इस सिंचाई परियोजना से बड़वानी जिले के राजपुर तहसील के 33 गांव की साढ़े पंद्रह हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी, जिससे जनजातीय समाज और किसान खुशहाल होंगे। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की तीन योजनाए जिसमें 4 हजार 263.94 करोड रुपए की राशि खर्च होगी, जिससे किसान स्वयं का फूड प्रोसेसिंग यूनिट भी लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के कल्याण, आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों को समृद्ध बनाकर मध्यप्रदेश को प्रगति के पथपर आगे ले जाने का कार्य कर रहे हैं। बड़वानी बनेगा पर्यटन केंद्र, प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही सरकार भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार बड़वानी को पर्यटन केंद्र बनाने जा रही है। भविष्य में कई ऐसी परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की जाएगी, जिससे जनजातीय बहुल बड़वानी में रोजगार के साधन बढ़ेंगे। खेतिया कृषि उपज मंडी को आदर्श मंडी बनाने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज गांव के पास ही बेचने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। बड़वानी जिले के 25 किसानों को प्राकृतिक खेती का मास्टर ट्रेनर बनाया जा रहा है, जिन्हें प्रदेश के बाहर प्रशिक्षण दिलाया जाएगा। यह किसान दूसरे प्रदेशों में प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण प्राप्त कर प्रदेश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। जनजातीय समाज के पर्व भगोरिया के अवसर पर बड़वानी में कृषि कैबिनेट का आयोजन लोक संस्कृति के सम्मान के प्रकटीकरण व जनजातीय समाज के समग्र विकास की अवधाराणा को साकार कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने होली से पहले किसानों को सौगात देकर होली के उल्लास में विकास का रंग घोलकर किसान कल्याण वर्ष को नई गति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के सम्मान और किसानों के कल्याण के लिए कृषि कैबिनेट में लिए गए निर्णयों के लिए मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का एक बार पुनः आभार प्रकट करता हूं। हरि प्रसाद पाल / 02 मार्च, 2026