राज्य
02-Mar-2026
...


:: आईआईटी गुवाहाटी के सहयोग से आयोजित हुई सात दिवसीय वर्कशॉप; छात्रों ने खुद तैयार किए चिप डिजाइन :: इन्दौर (ईएमएस)। इन्दौर के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेज एसजीएसआईटीएस में चिप डिजाइनिंग (वीएलएसआई) को लेकर आयोजित एक हफ्ते की विशेष वर्कशॉप सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय छात्रों को सेमीकंडक्टर (चिप) के क्षेत्र में कुशल बनाना है, ताकि भारत इस तकनीक के मामले में आत्मनिर्भर बन सके। यह आयोजन संस्थान के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंस्ट्रुमेंटेशन इंजीनियरिंग विभाग द्वारा आईआईटी गुवाहाटी और नाइन लैब्स के सहयोग से किया गया। इस वर्कशॉप की सबसे बड़ी खासियत यह रही कि छात्रों को सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं दिया गया, बल्कि उन्हें कंप्यूटर पर खुद चिप डिजाइन करने का व्यावहारिक अनुभव (प्रैक्टिकल ट्रेनिंग) दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि आज के दौर में मोबाइल और लैपटॉप से लेकर कारों तक हर चीज में चिप का इस्तेमाल होता है। ऐसे में भारतीय इंजीनियरों का इस तकनीक को बारीकी से सीखना देश के मेक इन इंडिया अभियान के लिए बेहद जरूरी है। :: इंडस्ट्री की जरूरतों के लिए तैयार हुए छात्र :: वर्कशॉप के दौरान छात्रों और शोधार्थियों ने आधुनिक सॉफ्टवेयर के जरिए चिप डिजाइनिंग की चुनौतियों को समझा। विशेषज्ञों ने जोर दिया कि भविष्य के इंजीनियरों के लिए केवल डिग्री काफी नहीं है, उन्हें उद्योग (इंडस्ट्री) की मांग के अनुसार खुद को तैयार करना होगा। इस ट्रेनिंग के जरिए छात्रों ने मुफ्त सॉफ्टवेयर (ओपन सोर्स टूल्स) का इस्तेमाल करके कम लागत में बेहतर डिजाइन तैयार करना सीखा। समापन अवसर पर सभी सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र बांटे गए। कॉलेज के अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि यहाँ से प्रशिक्षित युवा भविष्य में भारत को दुनिया का ग्लोबल सेमीकंडक्टर हब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रकाश/02 मार्च 2026