:: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बैच-2 के पहले चरण का निष्पादन; आज से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे इच्छुक ठेकेदार :: इन्दौर (ईएमएस)। इंदौर जिले में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मदिरा दुकानों के निष्पादन की सरकारी प्रक्रिया औपचारिक रूप से प्रारंभ हो गई है। सहायक आयुक्त आबकारी कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिले के कुल 56 मदिरा एकल समूहों में सम्मिलित 173 कम्पोजिट दुकानों में से 19 समूहों की 60 दुकानों के लिए ई-टेंडर और ई-टेंडर कम ऑक्शन के माध्यम से विज्ञप्ति जारी की गई है। इन चिन्हित 19 मदिरा समूहों का कुल वार्षिक आरक्षित मूल्य 6 अरब 54 करोड़ 20 लाख 15 हजार 093 रुपये निर्धारित किया गया है जो 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 तक की अवधि के लिए प्रभावी होगा। बैच-2 के इस प्रथम चरण में पिपल्यापाला, धरमपुरी, काली बिल्लौद, सांवेर, देवगुराडिया बायपास, सिमरोल, खजरानी, अभिलाषा नगर, नावदापंथ, आनंद बाजार, चौपाटी पिथमपुर रोड, बेटमा, माडर्न चौराहा, चंदन नगर, राजमोहल्ला, पलासिया क्रमांक 1 व 2, राजवाड़ा और तोपखाना जैसे प्रमुख क्षेत्रों की दुकानों का निष्पादन किया जाना है। इच्छुक आवेदक इन समूहों के लिए 3 मार्च 2026 को प्रातः 10:00 बजे से लेकर 5 मार्च 2026 को दोपहर 02:00 बजे तक ऑनलाइन टेंडर प्रपत्र डाउनलोड करने के साथ ही अपने ऑफर सबमिट कर सकेंगे। ई-टेंडर कम ऑक्शन के प्रपत्र खोलने की प्रक्रिया 5 मार्च को ही दोपहर 02:05 बजे से प्रारंभ होकर कार्य पूर्ण होने तक निरंतर जारी रहेगी। आबकारी विभाग ने प्रत्येक समूह के लिए निविदा प्रपत्र का मूल्य 30 हजार रुपये तय किया है। आवेदन करने वाले ठेकेदारों की सुविधा के लिए विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवकाश के दिनों में भी कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कक्ष क्रमांक 209 में सहायक आयुक्त आबकारी कार्यालय से संपर्क कर योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा सकती है। पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पूरी नीलामी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संपन्न की जाएगी। प्रकाश/02 मार्च 2026