राज्य
02-Mar-2026


:: चोइथराम अस्पताल के पास हुई हृदयविदारक घटना; महापौर और निगमायुक्त ने मौके पर पहुँचकर लिया जायजा :: इन्दौर (ईएमएस)। शहर के चोइथराम अस्पताल गेट के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें नगर निगम के दो जांबाज कर्मचारियों को अपनी जान गंवानी पड़ी। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि यह हादसा नियमित सफाई के दौरान नहीं, बल्कि अज्ञानतावश और बिना किसी सुरक्षा सूचना के चेंबर में उतरने के कारण हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारी चेंबर की सफाई के लिए नहीं, बल्कि डी-वाटरिंग वाहन का पाइप निकालने के प्रयास में नीचे उतरे थे। जानकारी के अनुसार, जोन क्रमांक 13 का डी-वाटरिंग वाहन (सी पी ओ 8001) सेफ्टी टैंक खाली करने के बाद चोइथराम अस्पताल के पास स्थित प्राइमरी लाइन के चेंबर में पानी खाली कर रहा था। इसी दौरान वाहन का पाइप अचानक चेंबर के गहरे गड्ढे में गिर गया। पाइप निकालने की जल्दबाजी में एक कर्मचारी बिना किसी सुरक्षा उपकरण के और संभवतः अज्ञानतावश चेंबर में उतरने लगा, जहाँ वह अनियंत्रित होकर गिर गया। उसे बचाने के लिए दूसरा साथी कर्मचारी अजय भी तुरंत चेंबर में उतरा, लेकिन गैस या दम घुटने के कारण दोनों ही इस दुखद हादसे का शिकार हो गए। इस भीषण दुर्घटना में निगम कर्मी करण और अजय का निधन हो गया। घटना की खबर मिलते ही निगम प्रशासन और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुँचे और वस्तु स्थिति का जायजा लिया। :: महापौर और निगमायुक्त ने जताया शोक :: हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने इस घटना को अत्यंत दुखद बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। निगमायुक्त ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूरी घटना की रिपोर्ट मांगी है। प्रशासन अब यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है कि भविष्य में इस तरह की अज्ञानतापूर्ण या असुरक्षित गतिविधियों के कारण किसी और कर्मचारी की जान न जाए। प्रकाश/02 मार्च 2026