राज्य
02-Mar-2026


देहरादून (ईएमएस)। नन्हीं दुनिया में होली उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास, सादगी और सृजनात्मकता के साथ मनाया गया। प्राकृतिक, रचनात्मक और सरल तरीकों से पर्व मनाने की परंपरा ने सभी आनंदित कर दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त भारतीय विदेश सेवा अधिकारी डॉ. शरद सिंह नेगी एवं विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक सुश्री जया बलोनी अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से किया गया और जिसके पश्चात बच्चों ने पारंपरिक तिलक समारोह संपन्न किया। रंगों और संगीत के सुंदर समन्वय के साथ युवा कलाकारों ने आकर्षक अमूर्त चित्रकारी प्रस्तुत की। इस दौरान नन्ही दुनिया को सात्विका गोयल एवं प्रतिभाशाली बाल कलाकार रोहित, अविनाश, अखिल और दीक्षा ने प्राकृतिक हस्तनिर्मित सजावट से कलात्मक रूप से सुसज्जित किया, जिससे संपूर्ण परिसर में विशिष्ट और जीवंत वातावरण निर्मित हुआ। बच्चों ने उत्साहपूर्वक नृत्य-नाटिका श्नटखट की लीलाश् प्रस्तुत कर वातावरण को रंग और उल्लास से भर दिया। वहीं दूसरी ओर पांच से सात आयु वर्ग के नन्हे कलाकारों द्वारा प्रस्तुत श्होली खेलत संग कन्हैयाश् पर आधारित मनमोहक नृत्य को सभी ने सराहा। पारंपरिक लोकगीत डाल गयो रे मोपे रंग पर आधारित प्रस्तुति तथा रंगशाला के कलाकारों द्वारा वृंदावन में श्रीकृष्ण के जीवन पर आधारित नृत्य नाटिका ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मनोरंजक एवं हास्यप्रधान नृत्य नाटिका ढोलकपुर का मेला ने कार्यक्रम में आनंद और ऊर्जा का संचार किया। इस दौरान आलोक उल्फत के निर्देशन में प्रस्तुत विशेष प्रस्तुति रंगीला में बच्चों ने आत्मविश्वास, स्वतंत्रता और प्रभावशाली अभिव्यक्ति का परिचय दिया, जिसे दर्शकों ने अत्यंत सराहा। कार्यक्रम के यादगार क्षणों में से एक विशेष गरबा एवं सामूहिक नृत्य प्रस्तुति रही, जिसमें विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की सहभागिता ने समारोह को और भी प्रेरणादायक बना दिया। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/02 मार्च 2026