:: शाम 6 से 8 बजे तक बैठेंगे विशेषज्ञ डॉक्टर; कामकाजी मरीजों को मिलेगा विशेष लाभ :: इन्दौर (ईएमएस)। समय की उपलब्धता और मरीजों की सुगमता को ध्यान में रखते हुए इंदौर के लोकमान्य नगर स्थित शासकीय अष्टांग आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में सायं कालीन ओपीडी की विधिवत शुरुआत की गई है। आयुष विभाग के प्रमुख सचिव के निर्देशों के पालन में शुरू की गई इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य उन मरीजों को राहत देना है जो दिनभर अपने काम की व्यस्तता के कारण सुबह के समय अस्पताल नहीं पहुँच पाते हैं। इस नई व्यवस्था का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. अजीत पाल सिंह चौहान की उपस्थिति में किया गया। उद्घाटन के दौरान प्राचार्य ने चिकित्सा सेवा को मूल धर्म और समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए इस कदम को क्रांतिकारी बताया। अष्टांग आयुर्वेद अस्पताल में शुरू हुई इस सायं कालीन ओपीडी की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि मरीजों के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं रखा गया है। शाम की पाली में मेडिसिन, सर्जरी, शिशु रोग, महिला रोग, पंचकर्म, नेत्र रोग, ईएनटी विभाग के साथ-साथ नशा मुक्ति, कैंसर और आहार चिकित्सा जैसे महत्वपूर्ण विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर शाम 6:00 बजे से रात 8:00 बजे तक मरीजों के परामर्श के लिए उपलब्ध रहेंगे। राउ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जगदीश पंचोली ने इस अवसर पर कहा कि वर्तमान में आयुर्वेद के प्रति लोगों का रुझान और विश्वास तेजी से बढ़ा है जिसके कारण मरीजों की संख्या में भी निरंतर वृद्धि हो रही है। मीडिया प्रभारी डॉ. अखिलेश भार्गव के अनुसार सायं कालीन ओपीडी शुरू होने से विशेषकर नौकरीपेशा और कामकाजी नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों की संख्या में और इजाफा होने की संभावना है। आयुर्वेद के प्रचार-प्रसार और विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित होने से जटिल बीमारियों का इलाज अब मरीजों को उनकी सुविधानुसार शाम के समय भी मिल सकेगा। अस्पताल प्रशासन का मानना है कि इस पहल से शहर के आयुर्वेदिक चिकित्सा ढांचे को और अधिक मजबूती मिलेगी और लोग समय पर उचित उपचार प्राप्त कर सकेंगे। प्रकाश/02 मार्च 2026