:: रीवा में आयोजित 47वीं अंतरक्षेत्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में चमके इंदौर के बिजली कार्मिक; एमडी अनूप कुमार सिंह ने दी बधाई :: इन्दौर (ईएमएस)। केंद्रीय क्रीडा एवं कला परिषद पावर मैनेजमेंट कंपनी जबलपुर के तत्वावधान में आयोजित प्रदेश के बिजली कार्मिकों की 47वीं अंतरक्षेत्रीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर की टीम ने महती सफलता अर्जित की है। रीवा जिले के टोंस सिरमौर स्थित पॉवर जनरेशन कंपनी के जल विद्युत गृह परिसर में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में इंदौर क्षेत्र के कार्मिकों ने गायन और कला के विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। स्पर्धा के परिणामों में इंदौर क्षेत्र का दबदबा रहा, जहाँ सौरभ दुबे ने सुगम गायन (पुरुष वर्ग) में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, महिला वर्ग में पूर्वा मंडलोई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुगम गायन और शास्त्रीय गायन, दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। इनके अतिरिक्त सुगम गायन महिला वर्ग में सोनल तिवारी ने दूसरा और काव्यपाठ में तीसरा स्थान प्राप्त किया। वाद्य यंत्रों की श्रेणी में भी इंदौर की टीम ने छाप छोड़ी; सौरभ दुबे ने स्वर वाद्य उपशास्त्रीय में और गणेश्वर लाल निषाद ने स्वर वाद्य शास्त्रीय वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त किया। सांस्कृतिक मंच पर इस शानदार सफलता और कंपनी का नाम रोशन करने वाले इन बिजली कार्मिकों की उपलब्धि पर प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त किया है। पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह, मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश सिंह चौहान और मुख्य अभियंता इंदौर क्षेत्र आरसी जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने विजेता प्रतिभागियों को उनकी कलात्मक प्रतिभा के लिए बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दी हैं। प्रकाश/02 मार्च 2026