:: मुख्यमंत्री की पहल पर जिला प्रशासन ने किया आयोजन; फार्मासिस्ट, एचआर और डिजिटल मार्केटिंग सहित कई पदों पर हुआ चयन :: इन्दौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल और जिला प्रशासन के निर्देशानुसार शिक्षित बेरोजगारों को स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से इंदौर में आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेला युवा संगम सफल रहा। पोलोग्राउंड स्थित जिला रोजगार कार्यालय परिसर में संपन्न हुए इस मेले में कुल 281 युवक-युवतियों का निजी कंपनियों में रोजगार और अप्रेंटिसशिप के लिए प्रारंभिक चयन किया गया। इस विशेष आयोजन में इंदौर और आसपास के क्षेत्रों से कुल 483 युवक-युवतियों ने अपना पंजीयन कराया था। मेले में 11 प्रतिष्ठित कंपनियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और 350 से अधिक रिक्त पदों के लिए आवेदकों के साक्षात्कार लिए। चयनित उम्मीदवारों को उनकी योग्यता के आधार पर फार्मासिस्ट, एचआर, सेल्स एग्जीक्यूटिव, सहायक प्रबंधक, डिजिटल मार्केटिंग, टेलीकॉलर, बैक ऑफिस, ट्रेनी, फीटर और इलेक्ट्रिशियन जैसे विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी पदों पर नियुक्ति के अवसर मिले। :: इन प्रमुख कंपनियों ने दीं नियुक्तियाँ :: उप संचालक रोजगार पी.एस. मण्डलोई ने बताया कि मेले में मोजेक वर्क स्किल, तिसवा टेक, जस्ट डायल, मालवांचल यूनिवर्सिटी, इनोफ्लेक्स, अपाल्टो, क्यूसकार्प, शैफाली बिजनेस, मिडेक्स मार्केटिंग, महिदपुरवाला फर्नीचर और डॉ. रेडी फाउंडेशन जैसी बड़ी कंपनियों ने भागीदारी की। शासन की अप्रेंटिसशिप योजना के अंतर्गत भी 4 आवेदकों का चयन किया गया, जिन्हें आगे के प्रशिक्षण के लिए संबंधित कंपनियों में भेजा गया है। :: स्वरोजगार के लिए भी मिली राह :: मेले में केवल नौकरी ही नहीं, बल्कि स्वरोजगार के इच्छुक युवाओं को भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। जिला उद्योग केंद्र की टीम ने 18 आवेदकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और उन्हें खुद का स्टार्टअप या व्यवसाय शुरू करने हेतु प्रकरण तैयार करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में रोजगार विभाग, शासकीय आईटीआई और जिला उद्योग केंद्र के अधिकारियों व कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। प्रकाश/02 मार्च 2026