:: अब 58 प्रतिशत हुआ प्रदेश के कर्मचारियों का डीए; एरियर का भुगतान 6 किश्तों में होगा, पेंशनरों को भी मिलेगी राहत :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को होली के त्यौहार पर बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (डीए) में 3 प्रतिशत की अतिरिक्त वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय के साथ ही अब प्रदेश के शासकीय सेवकों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की बधाई देते हुए इस महत्वपूर्ण वित्तीय निर्णय की घोषणा की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य के कर्मचारियों को भारत सरकार के समान ही लाभ प्रदान किया जाएगा। बढ़ा हुआ 58 प्रतिशत महंगाई भत्ता अप्रैल 2026 के वेतन (जिसका भुगतान मई 2026 में होगा) से लागू होगा। इसके साथ ही जुलाई 2025 से मार्च 2026 तक की अवधि की एरियर राशि का भुगतान मई 2026 से प्रारंभ कर 6 समान किश्तों में किया जाएगा। राज्य के सभी पेंशनधारियों को भी जनवरी 2026 (पेड इन फरवरी 2026) से 58 प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ दिया जाएगा। :: सभी वर्गों के कल्याण के प्रति सरकार संकल्पित :: इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश सरकार किसानों और कर्मचारियों सहित सभी वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने उल्लेख किया कि किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत सोमवार को ही बड़वानी जिले में पहली कृषि कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली परस्पर प्रेम और सौहार्द का त्यौहार है और यह डीए वृद्धि कर्मचारियों के त्यौहार के आनंद को दोगुना करेगी। उन्होंने शासकीय सेवकों से अपील की कि वे हर्ष और उल्लास के साथ होली मनाएं और राज्य की प्रगति के लिए पूरी निष्ठा के साथ मिल-जुलकर कार्य करें। इस निर्णय से प्रदेश के लाखों नियमित कर्मचारियों, अध्यापकों और पेंशनभोगियों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा, जिससे सरकारी खजाने पर आने वाले वित्तीय भार को व्यवस्थित करने के लिए एरियर के किश्तवार भुगतान की व्यवस्था की गई है। प्रकाश/02 मार्च 2026