राज्य
02-Mar-2026


:: वित्त विभाग ने जारी किए आदेश; 1 अप्रैल से किराए पर वाहन ले सकेंगे अधिकारी, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी :: भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए सोमवार को एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री की पहल पर राज्य शासन ने कोष एवं लेखा विभाग के सभी अधिकारियों को किराए पर वाहन सुविधा का लाभ देने की अनुमति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से विभाग के अधिकारियों की वर्षों पुरानी लंबित मांग पूरी हो गई है। वित्त विभाग, मध्य प्रदेश शासन द्वारा सोमवार, 2 मार्च 2026 को इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर दिए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार, कोष एवं लेखा विभाग के अधीन कार्यरत सभी अधिकारी आगामी 1 अप्रैल 2026 से शासन के नियमानुसार किराए पर वाहन की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज ही कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि कर उन्हें होली का तोहफा दिया है और उसके तत्काल बाद प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से कोष एवं लेखा विभाग के लिए यह अहम घोषणा की। इस निर्णय का उद्देश्य विभागीय कामकाज में गति लाना और अधिकारियों को सुगम कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। इस सौगात पर विभागीय अधिकारियों ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। प्रकाश/02 मार्च 2026