राज्य
02-Mar-2026
...


:: सेल्फ-हीलिंग कंक्रीट पर शोध के लिए मिला सम्मान; 41वीं म.प्र. यंग साइंटिस्ट कांग्रेस में मारी बाजी :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के प्रतिष्ठित श्री गोविंदराम सेकसरिया प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान (एसजीएसआईटीएस) के एम.टेक (स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग) के छात्र प्रियम चौहान ने अपनी शोध प्रतिभा से संस्थान और शहर का नाम रोशन किया है। प्रियम को मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, भोपाल द्वारा हाल ही में आयोजित 41वीं म.प्र. यंग साइंटिस्ट कांग्रेस में प्रतिष्ठित यंग साइंटिस्ट अवार्ड (युवा वैज्ञानिक पुरस्कार) से सम्मानित किया गया है। प्रियम चौहान को यह सम्मान उनके सेल्फ-कॉम्पैक्टिंग सेल्फ-हीलिंग कंक्रीट पर किए गए प्रभावशाली और अभिनव शोध के लिए दिया गया है। उनका यह शोध भविष्य में टिकाऊ और दीर्घकालिक बुनियादी ढांचे के समाधानों के लिए नई राहें प्रशस्त करेगा। इस तकनीक की मदद से कंक्रीट में आने वाली दरारें स्वतः भरने की क्षमता विकसित होती है, जिससे निर्माण कार्यों की उम्र और मजबूती बढ़ जाती है। :: मार्गदर्शकों का रहा विशेष योगदान :: प्रियम ने अपना यह शोध कार्य प्रो. एम. के. लघाटे, डॉ. शरद पांडे और ई. विवेक तिवारी के समर्पित मार्गदर्शन में पूरा किया। उनकी इस उपलब्धि पर एसजीएसआईटीएस परिवार ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। संस्थान के विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के शोध न केवल शैक्षणिक स्तर पर महत्वपूर्ण हैं, बल्कि निर्माण उद्योग में क्रांतिकारी बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं। युवा वैज्ञानिक के रूप में प्रियम का चयन प्रदेश के शोधार्थियों के लिए एक प्रेरणा है। इस सफलता पर संस्थान के निदेशक, विभागाध्यक्ष और प्राध्यापकों ने प्रियम के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। प्रकाश/02 मार्च 2026