क्षेत्रीय
09-Mar-2026


नरसिंहपुर (ईएमएस)। मप्र जन अभियान परिषद के तहत सेक्टर नरसिंहपुर अंतर्गत नवांकुर संस्था के माध्यम से ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों तथा नवांकुर सखियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला सनराइज पब्लिक स्कूल नरसिंहपुर में आयोजित की गई। प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन नवांकुर संस्था जयज्वाला शिक्षा प्रचार-प्रसार समिति नरसिंहपुर के तत्वाधान में आयोजित हुई। इस दौरान ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव एवं कोषाध्यक्ष सहित सेक्टर स्तर पर गठित नवांकुर सखियों ने अपनी सहभागिता दी। प्रशिक्षण के दौरान मेंटर्स, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा जन अभियान परिषद के जिला एवं विकासखंड समन्वयकों द्वारा विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रशिक्षण सत्रों में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की भूमिका, सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने, ग्राम स्तर पर सामाजिक विकास गतिविधियों के संचालन तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित जानकारी दी गई। इसके अलावा दस्तावेजीकरण, मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद की संरचना एवं शासन की योजनाओं, जल संचय- जन सहभागिता से जल गंगा संवर्धन अभियान समितियों के लिए पंजीयन संबंधी जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सामाजिक नेतृत्व क्षमता के विकास एवं ग्राम स्तर पर जनभागीदारी को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों ने अपने-अपने ग्रामों में सामाजिक एवं विकासात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रियता से संचालित करने का संकल्प लिया। इस दौरान बाल कल्याण समिति नरसिंहपुर के अध्यक्ष श्री शिवकुमार रैकवार, जिला समन्वयक श्री जयनारायण शर्मा, विकासखंड करेली समन्वयक श्रीमती माधवी पाठक एवं गोटेगांव समन्वयक श्री प्रतीक दुबे तथा मेंटर श्री अंकित पटेल मौजूद थे। ईए मएस/राहुल वासनिक/ 09 मार्च 2026