क्षेत्रीय
09-Mar-2026


बालाघाट (ईएमएस). लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत शिक्षकों के लंबित स्वत्वों के निराकरण के लिए जिले में विकासखंड स्तर पर 9 से 18 मार्च तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी अश्वनी उपाध्याय ने बताया कि जिले के विकासखंड बालाघाट, वारासिवनी, कटंगी, खैरलांजी, लालबर्रा, किरनापुर एवं लांजी के उत्कृष्ट विद्यालयों में इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में शिक्षकों के लंबित क्रमोन्नति, समयमान वेतन, वेतन वृद्धि से संबंधित प्रकरण, सेवा अभिलेखों के अद्यतन, आगामी तीन वर्षों में सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षकों के वेतन निर्धारण का कोष एवं लेखा विभाग द्वारा परीक्षण तथा पेंशनरों के लंबित स्वत्वों से जुड़ी शिकायतों का निराकरण किया जाएगा। हालांकि इन शिविरों में स्थानांतरण एवं पदस्थापना से संबंधित आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी उपाध्याय ने बताया कि विकासखंड स्तर पर प्राप्त होने वाले आवेदनों का निराकरण वहीं पर खंड शिक्षा अधिकारी एवं संकुल प्राचार्य द्वारा किया जाएगा। जिन प्रकरणों का निराकरण जिला स्तर पर किया जाना है, उनके लिए 22 से 28 मार्च तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में कार्रवाई की जाएगी। विकासखंड स्तर पर आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों की संख्या और उन पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रतिदिन जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों से अपील की गई है कि वे अपने लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए विकासखंड स्तर पर आयोजित इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। भानेश साकुरे / 09 मार्च 2026