क्षेत्रीय
09-Mar-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). जिले में जनगणना-2027 के लिए सभी आवश्यक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। इसी सिलसिले में अपर कलेक्टर डीपी बर्मन ने 9 मार्च को जगनणना कार्य से जुड़े अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में डिप्टी कलेक्टर प्रदीप कौरव, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सुभाष ठाकरे, अधीक्षक भू-अभिलेख नायक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में जनगणना-2027 के पहले चरण के लिए चार्ज अधिकारियों, प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति एवं उनके प्रशिक्षण तथा मकान सूचीकरण ब्लाक के गठन के संबंध में जानकारी ली गई। अपर कलेक्टर बर्मन ने बैठक में कहा कि चार्ज अधिकारियों, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय सीमा में प्रशिक्षण दिया जाये। मकान सूचीकरण ब्लाक का गठन 15 मार्च तक अनिवार्य रूप से करने कहा गया। बैठक में बताया गया कि भोपाल में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का चार दिवसीय प्रशिक्षण 16 से 19 मार्च तक आयोजित किया गया है। इसमें बालाघाट जिले के लिए नियुक्त मास्टर ट्रेनर पीजी कालेज के सहायक प्राध्यापक विनोद एड़े एवं राकेश पटले प्रशिक्षण प्राप्त करेंगें। इसके पश्चात जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा 25 मार्च से 4 अप्रैल तक जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षण देंगें। फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जिला स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने के उपरांत 1 से 22 अप्रैल तक चार्ज स्तर पर सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को तीन दिनों का प्रशिक्षण दिया जायेगा। मकान सूचीकरण एवं मकानों की स्वगणना 16 से 30 अप्रैल के बीच की जायेगी। मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का फील्ड कार्य 1 से 30 मई 2026 तक किया जायेगा। जनगणना-2027 के इस कार्य के लिए निर्धारित कैलेंडर के अनुसार कार्य किया जा रहा है। भानेश साकुरे / 09 मार्च 2026