क्षेत्रीय
09-Mar-2026
...


बालाघाट (ईएमएस). प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 9 मार्च को भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ के अंतर्गत राष्ट्रीय सुरक्षा दिवस, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं बाल विवाह निषेध के समापन अवसर पर संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य साइबर धोखाधड़ी से बचाव, बाल विवाह निषेध के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर जागरूकता फैलाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे एवं आमंत्रित अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में साइबर सेल बालाघाट की अधिकारी चांदनी सांडिल्य ने साइबर क्राइम से होने वाली घटनाओं और उनसे बचाव के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। वहीं विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित साइबर क्राइम सेल बालाघाट की अधिकारी मेघा तिवारी ने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए विभिन्न टोल-फ्री नंबर, एप्स और वेबसाइट के माध्यम से अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही सृष्टि सोनटके ने फर्जी वेबसाइट और संदिग्ध एप्लिकेशन से बचाव के उपायों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. योगेश विजयवार ने महिला सशक्तिकरण पर अपने विचार व्यक्त किए। जन परिषद बालाघाट के प्रतिनिधियों ने भी महिलाओं की निर्णय क्षमता, सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण पर अपने विचार गीत के माध्यम से प्रस्तुत किए। बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा आरोही ने महिला सशक्तिकरण विषय पर प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे ने साइबर सुरक्षा, महिला समानता और बाल विवाह रोकथाम के उपायों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के समापन पर महिला प्राध्यापकों और अतिथियों को पौधे और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक हिन्दी डॉ. संतोष कुमार लिल्हारे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन चित्रमाला भीमटे द्वारा किया गया। इस अवसर पर आईक्यूएसी प्रभारी डॉ. सीमा श्रीवास्तव, भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. कंचन मसराम, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, डॉ. अनिल कुमार पंचारिया, डॉ. मिथिलेश्वरी घोरमारे, डॉ. रचना कोरी, डॉ. आशा गोहे, डॉ. प्रशांत डहाटे, डॉ. नाजली कुरैशी, योगिता पटले, सविता गेड़ाम, डॉ. ताराचंद बड़घैया सहित महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। भानेश साकुरे / 09 मार्च 2026