पशुपालकों को दी गई योजनाओं की जानकारी, पशुपालन को लाभ का धंधा बनाने के गुर सिखाए नरसिंहपुर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी क्षीर धारा ग्राम योजना के अंतर्गत जिले की जनपद पंचायत नरसिंहपुर के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कोसमखेड़ा के ग्राम करहैयाखेड़ा में पशु जागरूकता शिविर का आयोजन सोमवार को किया गया। शिविर के दौरान पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारियों- कर्मचारियों और गौ सेवकों ने घर-घर जाकर ग्राम का भ्रमण किया। इस दौरान पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और पशुपालकों को पशु प्रबंधन से संबंधित आवश्यक सुझाव दिए गए। गौ सेवक श्री सूरज मालवीय ने पशुपालक श्री बिजेंद्र सिंह घोषी की गाय का गर्भ परीक्षण किया। वहीं एव्हीएफओ श्री रोहित मेहरा ने गायों में कृत्रिम गर्भाधान (एआई) का कार्य संपन्न किया। शिविर में करहैया खेड़ा के पशुपालक अब आधुनिक तकनीक सेक्स सॉर्टेड सीमेन (जिससे केवल बछिया पैदा होने की संभावना बढ़ती है) के प्रति विशेष रुचि दिखा रहे हैं। एबीपीओ कृत्रिम गर्भाधान केंद्र नरसिंहपुर के डॉ. एमपी तिवारी ने उपस्थित पशुपालकों से सीधा संवाद कर उन्हें योजना के लाभ और पशुपालन को लाभ का धंधा बनाने के गुर सिखाए। उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. सुनील बृजपुरिया ने बताया कि जिले के कुल 61 ग्रामों को इस योजना हेतु चिन्हित किया गया है। जहाँ प्रथम चरण में जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस योजना को धरातल पर प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह और सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में सरपंच, कृषि विभाग के अधिकारी- कर्मचारी और सचिव मौजूद थे। शिविर में पशु चिकित्सा विभाग से एव्हीएफओ श्री हरिहर बुनकर, डीएस श्री मरकाम, श्री प्रिंस मुड़िया, गौसेवक श्री नरोत्तम शर्मा, श्री सूरज मालवीय सहित ग्रामीणजन मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप पशुपालकों की आय दोगुनी करने और प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा इस योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। ईए मएस/राहुल वासनिक/ 09 मार्च 2026