शाजापुर (ईएमएस)। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सोमवार को नगर के सांदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल में महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शाजापुर विधायक अरुण भीमावत मौजूद रहे। जबकि अध्यक्षता विद्यालय प्राचार्य सविता सोनी ने की। कार्यक्रम का आयोजन युवा भारत संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। मुख्य अतिथि विधायक अरुण भीमावत ने क्षेत्र की प्रतिभावान और कर्मठ महिलाओं को प्रशस्ति पत्र वितरित कर उनके कार्यों की सराहना की। उन्होने मातृशक्ति को नमन करते हुए कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त महिला ही एक सशक्त समाज का निर्माण कर सकती है। महिलाओं के पूर्ण सशक्तिकरण के बिना देश का प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ना संभव नहीं है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं द्वारा महिलाओं को उच्च शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सामाजिक जागरूकता के प्रति प्रेरित किया गया। इस अवसर पर युवा भारत संस्था के सदस्य, सांदीपनि विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र की मातृशक्ति उपस्थित रहीं। ईएमएस / 09/03/2026