भारत मुक्ति मोर्चा ने कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री व गृह मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन बालाघाट (ईएमएस). सरदार पटेल मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल बालाघाट में सेवारत एनेस्थेसिस्ट डॉक्टर पर कार्यवाही की मांग भारत मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों ने की है। सोमवार को मोर्चा पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया कि बालाघाट के वार्ड क्रमांक-13 निवासी विवेक पिता आरसी तिरपुड़े को 10 फरवरी को उपचार के लिए सरदार पटेल मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल, गायखुरी में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि उपचार के दौरान गलत इंजेक्शन लगाए जाने से उनकी हालत गंभीर हो गई और वे कोमा में चले गए। बताया गया है कि विवेक तिरपुड़े को 12 फरवरी को उपचार के लिए नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह कोम में रहते हुए जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कोमा की स्थिति के लिए संबंधित चिकित्सक जिम्मेदार हैं, जो सरदार पटेल मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में एनेस्थेटिस्ट के रूप में कार्यरत हैं। भारत मुक्ति मोर्चा के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी चिकित्सक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और पीडि़त परिवार को न्याय दिलाया जाए। भानेश साकुरे / 09 मार्च 2026