छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कुंडीपुरा थाना की धरमटेकरी चौकी अंतर्गत ग्राम कपरवाड़ी में एक युवक की उपचार के दौरान निजी अस्पताल में मौत हो गई। इधर युवक की मौत के बाद परिजनों का आरोप है कि युवक ने कर्जदारों से परेशान होकर यह कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। मामले में थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि तीन दिन पूर्व ५ मार्च को कपरवाड़ी निवासी सूरज पिता बीरबल नागवंशी (२५) का स्वास्थ्य खराब होने पर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान उसका तीन अस्पतालों में इलाज चला और ९ मार्च को परिजन उसे मृत अवस्था में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां परिजनों ने आरोप लगाया कि सूरज की मौत जहर खाने से हुई है। परिजनों के आरोप के बाद पुलिस ने उसका पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के कारणों का खुलासा होगा। वहीं कुंडीपुरा थाना प्रभारी महेंद्र भगत ने बताया कि अब तक परिजनों के बयान नहीं हो पाए है। इससे पहले परिजनों ने पुलिस को उसके जहर खाने की जानकारी नहीं दी थी। सोमवार को जानकारी मिलने के बाद उसका पीएम कराया गया है। आरोप: कर्ज के चलते खाया जहर इधर युवक की मौत के बाद उसके परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक फायनेंस कंपनी और एक बैंक के नाम से सूरज को फर्जी फोन कॉल किए गए और उसे धमकाया गया और उसे बार-बार पैसों की मांग की जा रही थी। इससे मानसिक रूप से परेशान होकर जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर दी। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है। ईएमएस/मोहने/ 09 मार्च 2026