व्यापार
10-Mar-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। रॉयल इनफिल्ड अपनी लोकप्रिय बाइक रॉयल इनफिल्ड गुरिल्ला 450 का नया अपडेटेड वर्जन जल्द बाजार में पेश कर सकती है। कंपनी मार्च 2026 के अंत तक 2026 मॉडल ईयर अपडेट के साथ इस बाइक को लॉन्च करने की तैयारी में है। 450सीसी लाइनअप में यह कंपनी का सबसे किफायती मॉडल माना जाता है और इससे बिक्री बढ़ाने की उम्मीद की जा रही है। दरअसल, कंपनी 350सीसी सेगमेंट में लंबे समय से मजबूत स्थिति में है, लेकिन 450सीसी श्रेणी को अभी तक वैसी सफलता नहीं मिली, जैसी उम्मीद की गई थी। कई बार कंपनी की 650सीसी बाइक्स की बिक्री भी 450सीसी मॉडल्स से बेहतर रही है। ऐसे में गुरिल्ला 450 को नए फीचर्स और बेहतर तकनीक के साथ ज्यादा आकर्षक बनाने की योजना बनाई जा रही है। हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर अपडेट्स की पुष्टि नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि नए मॉडल में रियर सस्पेंशन को पहले से ज्यादा बेहतर बनाया जा सकता है, जिससे खराब सड़कों पर राइडिंग अनुभव आरामदायक हो सके। इसके अलावा बाइक में टेलिस्कोपिक फोर्क्स की जगह यूएसडी फ्रंट फोर्क्स दिए जाने की संभावना भी जताई जा रही है, जिससे हैंडलिंग और लुक दोनों में सुधार हो सकता है। फीचर्स के मामले में लंबी दूरी की यात्रा को आसान बनाने के लिए क्रूज़ कंट्रोल जैसे फीचर जोड़े जाने की भी चर्चा है। इसके साथ ही नए कलर ऑप्शन भी देखने को मिल सकते हैं। इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स और स्लिपर क्लच जैसे फीचर्स मिलते हैं, जो बेहतर राइडिंग अनुभव देते हैं। पावर के लिए बाइक में 452सीसी का शेरपा 450 सिंगल-सिलेंडर लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलने की उम्मीद है, जो करीब 40 बीएचपी की पावर और 40 एनएम टॉर्क जनरेट करता है। सुदामा/ईएमएस 10 मार्च 2026