छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। देहात थाना अंतर्गत काराबोह रिंग रोड बायपास मार्ग पर चल रहे जुए के बड़े अड्डे पर एसपी अजय पांडे के स्पेशल स्क्वाड ने गुरूवार देर रात दबिश देकर २३ जुआरियों को पकड़ा है। इनके कब्जे से पुलिस ने ३ लाख रूपए से अधिक की राशि, पांच कारें और २३ मोबाइल फोन जब्त किए है। वहीं ६० से अधिक जुआरी जिसमें सरगना राहुल चक्की, अज्जु़ मण्डरा, निर्भय पटेल, इमरान खान और अन्य अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी आशीष खरे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि काराबोह रिंग रोड बायपास मार्ग पर कुछ लोग हारजीत का दांव लगा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देख जुआरियों में भगदड़ मच गई। घेराबंदी कर पुलिस ने २३ जुआरियों को पकड़ा। इनके कब्जे से पुलिस ने ३ लाख १० हजार ३०० रूपए, २३ मोबाइल और पांच कार बरामद की है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने इनका जुलूस भी निकाला और इन पर जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। महाराष्ट्र के ये जुआरी पकड़ाए एएसपी खरे ने बताया कि गुरूवार की रात जिस जुआ फड़ पर पुलिस ने दबिश दी। उस फड़ में दांव लगाने अंतर राज्यीय खिलाड़ी यहां आकर महफिल जमाते रहे। इनमें रत्नाकर पिता संतोष ताकडे नरखेड महाराष्ट्र, राजू पिता दिनकर गोहे गलपुरा कोटोल नागपुर, शेखसिराज गफूर पिता शेख गफूर नरखेड़ महाराष्ट्र, अजय पिता राजाराम तिवारी नरखेड महाराष्ट्र, आकाश पिता महावीर चौहान नरखेड नागपुर, शुभम पिता प्रकाश तायवडे नरखेड जिला नागपुर महाराष्ट्र, अंकुश पिता नन्दलाल पाटिल नरखेड महाराष्ट्र, गौरव पिता राजू मोण्डे नरखेड महाराष्ट्र, कुनाल पिता कमलाकर बरोडे नरखेड महाराष्ट्र, अंकुश पिता लक्ष्मण मोहोट वरुण अमरावती महाराष्ट्र शामिल है। ये रहे छिंदवाड़ा और बैतूल के जुआरी उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा के पकड़े गए जुआरियों में दानेश पिता शेख नब्बू शुकलू ढाना, अम्बर पिता विनोद कुमार साहू पुराना छापा खाना, शहवास खाना पिता शमशेर खान न्यूटन, पंकज पिता पोनु कुमरे पोआमा, अनिकेत साहू पिता निर्मल साहू पुराना कुण्डीपुरा थाना के पीछे, अभिषेक उर्फ अन्नु यादव पिता वीरेन्द्र यादव सागरपेशा, अक्षय पिता सुरेन्द्र मालवी पतालेश्वर, तनवीर शाह पिता इब्राईम शाह पुराना बैल बाजार, हीरालाल बाथरे पिता सुन्दरलाल बाथरे एसएएफ कालोनी फोकट नगर, देशराज उर्फ देवा धानुक पिता छोटेलाल धानुक चन्दनगांव, शेख साजिद पिता शेख आबीद नया बैलबाजार, नीरज पिता कन्हैया बुनकर ढीमराढाना। वहीं बैतूल निवासी सुभाष पिता चिन्तया हनोते बैतूल गंज शामिल है। ये रहे टीम में शामिल इस कार्यवाही में डीएसपी ललित बैरागी, टीआई गोविंद सिंह राजपूत, आशीष धुर्वे, उनि दुर्गेश तिवारी, महेश अहिरवार, हर्ष नागले, नारायण बघेल, सउनि राजेश रघुवंशी, संदीप सिंह राजपूत, प्रआर टीकाराम, युवराज, आर, सौरभ, शेरसिंह रघुवंशी, सूरज, पन्नालाल, उमेश, तरुण, ब्रजेश, कपिल, युवराज रघुवंशी, प्रवीण, सागर, चाआर सीताराम, चाप्रआर रवि पवार, सायबर सेल आर राहुल डोंगरे शामिल रहे। डंडी डालने गोटेगांव से आया था राजेश जुआरियों की बीच चर्चा है कि इस जुआफड़ मे गोटेगांव का राजेश डंडी डालने 25 लाख लेकर आया था। चर्चा है कि राजेश इससे पहले राहुल चक्की के जुआफड़ का प्रमुख खिलाड़ी माना जाता था। गुरूवार की रात के जुआफड़ में भी वह 25 लाख नकद लेकर खेल में पहुंचा था। लेकिन इस बीच पुलिस ने रेड मार दी और वह मौके से भाग निकला। चर्चित खिलाड़ी को फरार करवाने के लिए खिलाड़ी सक्रिय नजर आए। ईएमएस / 13/03/2026