छिंदवाड़ा जबलपुर (ईएमएस)। मोहखेड़ थाना की उमरानाला चौकी अंतर्गत ग्राम देवर्धा में गुरूवार दोपहर अज्ञात बदमाशों ने सूने घर का ताला तोडक़र लाखों रूपए के सोने-चांदी के जेवरात लेकर भाग निकले। घटना की शिकायत उमरानाला चौकी में कराई गई। बावजूद इसके पुलिस केवल आवेदन लेकर ही मामले की जांच की बात कह रही है। मिली जानकारी के अनुसार देवर्धा निवासी पवन मालवीय गुरुवार दोपहर अपने परिवार के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने घर से बाहर गए थे। इसी दौरान दोपहर करीब ढाई से चार बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने उनके घर का ताला तोडक़र अंदर प्रवेश कर लिया। बदमाशों ने अलमारी के लॉकर में रखे मक्का बिक्री के करीब 3 लाख रुपये नगद और करीब 7 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इधर पुलिस का कहना है कि पीडि़त परिवार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया गया है। पीडि़त पवन मालवीय ने बताया कि जब वह करीब 4 बजे घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अलमारी का लॉकर खुला मिला। जांच करने पर नगदी और जेवरात गायब पाए गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद डायल 112 मौके पर पहुंची। आवेदन लेकर खानापूर्ति पीडि़त का आरोप है कि उमरानाला चौकी में शिकायत देने के बाद भी कोई पुलिसकर्मी घटनास्थल पर नहीं पहुंचा। पुलिस ने केवल आवेदन लेकर खानापूर्ति कर दी, जबकि अब तक मौके पर पहुंचकर जांच शुरू नहीं की गई है। दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की वारदात से गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीण पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। ईएमएस / 13/03/2026